उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटे भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। प्रदेश के 20 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी हुआ है। आगरा में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से मौसम में बदलाव के आसार हैं, तब तक सावधानी जरूरी है।
उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटे तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। राज्य के 20 जिलों में हीटवेव (लू) की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को आगरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में तेज धूप और शुष्क मौसम बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि अगले दो दिन तक प्रदेश के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में तेज गर्मी और धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में भी सोमवार को सुबह से ही आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी।
अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें शामिल हैं: इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, हमीरपुर, जालौन, झांसी, मथुरा, महोबा, ललितपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली।
इन जिलों में गर्म पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। दिन में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।