प्रचंड गर्मी से परेशान हुए लोग, रात भी झुलसाने वाली, वाराणसी में तापमान 42 डिग्री पार

WhatsApp Image 2025-04-24 at 3.49.35 PM

दोपहर में 20 किमी प्रति घंटा के वेग से चली हवा ने कराया लू का अहसास

मौसम विभाग का आज व कल हीट वेव चलने का पूर्वानुमान

वाराणसी। बीते 24 घंटे में तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस कम तो जरूर हुआ, लेकिन सूरज की आंच मेें कोई कमी नहीं आई। वातावरण की आर्द्र्रता सूखकर नौ प्रतिशत तक आ जाने से चिलचिलाती धूप चमड़ी झुलसाने पर आमादा रही।

इसी में दोपहर के समय लगभग 20 किमी प्रति घंटा के वेग से चली गर्म पछुआ ने लू के थपेड़ों का आभास कराया। बनारस प्रदेश के टाप फाइव शहरों में बना रहा। रात के 10:30 बजे भी 30 डिग्री तक बने रहे तापमान ने बुधवार की रात को अब तक की सबसे गर्म रात बना दिया।

कुल मिलाकर मौसम की स्थिति तापलहर जैसा आभास कराती रही। मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार व शुक्रवार को हीट वेव चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। बुधवार की सुबह निरभ्र आकाश में सूरज निकलने के साथ ही दिन की शुरुआत चिलचिलाती धूप से हुई।

सुबह के साढ़े नौ बजे ही तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो दो बजते-बजते 42.2 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। निश्चित रूप से उसी समय चली लगभग 20 किमी प्रति घंटा के वेग से तेज पछुआ ने इसे और ऊपर चढ़ने से रोका लेकिन सूरज की आंच में तपकर पछुआ भी तापलहर सी बन गई।

शरीर के खुले हिस्से पर वातावरण का ताप चमड़ी को झुलसाता प्रतीत हो रहा था। घर से बाहर निकलते ही लगता जैसे अचानक दहकती भट्टी में आ गए हों। सूर्यास्त के बाद भी तापमान के तेवर कम न हुए, रात के 10:30 बजे भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा, इसके चलते बुधवार की रात इस सत्र के मौसम में अब तक की सबसे गर्म रात के रूप में दर्ज हो गई।

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पारिभाषिक तौर पर इसे तापलहर नहीं कह सकते लेकिन मौसम का आभास उससे जरा भी कम नहीं। वातावरण की नमी सूखने की वजह से तपिश और प्रचंड हो उठी है।

    Exit mobile version