UP Crime: कम कपड़ो मे देखा पत्नी को तो आगबबूला हुआ पति, गड़ासे से काटकर कर दी हत्या
UP Crime: बरला क्षेत्र के गांव गाजीपुर में सोमवार को रिश्तों का कत्ल हो गया। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की गड़ासे से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के हाथ, सिर, कान व गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इसके बाद खुद ही आसपास के लोगों को सूचना भी दी। पुलिस के सामने भी आरोपी ने जुर्म कबूलते हुए पूरा घटनाक्रम खुद ही बताया। कहा कि पत्नी कम कपड़ों में छत पर गई थी। विरोध करने पर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना बरला क्षेत्र के गांव गाजीपुर निवासी मोहित उर्फ बबलू व 32 वर्षीय सपना की शादी आठ वर्ष पहले हुई थी। इन पर तीन वर्ष का बेटा वंश है। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों में चर्चा है कि सपना मोहित के चरित्र पर शक करती थी और जिद्दी किस्म की थी। अक्सर कम कपड़ों में छत पर चली जाती थी। इसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सपना ने नहाने से पहले कपड़े धोए। इसके बाद कम कपड़ों में ही कपड़े सुखाने के लिए छत पर चली गई। मोहित ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इस पर सपना ने मोहित के हाथ में डंडा मार दिया। इससे बौखलाए मोहित ने सपना पर गड़ासे से वार करना शुरू कर दिया। उसके हाथ, कंधा, सिर, गर्दन व कान पर 10 से अधिक वार किए। सपना का कान तक कट गया।
इसके बाद खुद ही ग्रामीणों को भी जानकारी देने पहुंच गया कि मैंने अपनी पत्नी को मार दिया है। एक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी। सीओ बरला सर्जना सिंह, थाना प्रभारी सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे तो सपना का शव कमरे में बेड पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था।
घटना के बाद आरोपी को कोई पछतावा नहीं था। उसने गड़ासे को धोकर रख दिया था। जबकि खुद भी कपड़े बदलकर शव के पास ही बैठा था। उसने ही पुलिस को घटनाक्रम बताया। पुलिस ने गड़ासा भी बरामद कर लिया है। घटना के समय उसका बेटा अपने बाबा के पास था, जो घर पर नहीं थे। गांव के चौकीदार की तहरीर पर उसके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
एसपी देहात पलाश बंसल ने बताया कि पत्नी की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने जुर्म भी कबूल किया है। पत्नी द्वारा कम कपड़े पहने को लेकर उसका विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने भी यही बताया।
युवक को बुलाया दावत पर, और कर दी हत्या
मुजफ्फरनगर। युवक की घर से बुलाकर हत्या कर शव को बिटौड़े में जला दिया गया। पुलिस ने बिटौड़े से अधजले शव के अवशेष बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए हैं। मृतक की मां की तहरीर पर गांव के ही एक युवक गुलाब सिंह को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। इस युवक की मोबाइल पर अंतिम काल मिली है।
मूलरूप से शामली जनपद के गांव तितरबाड़ा निवासी 20 वर्षीय कुलदीप चौहान उर्फ दीपक (पिता-सुभाष सिंह) अपनी मां बबीता के साथ खतौली के गांव शाहपुर में अपनी ननिहाल में रहता था। शुक्रवार शाम उसे कुछ लोगों ने फोन कर दावत पर बुलाया था। इसके बाद वह लापता हो गया। मोबाइल भी स्विच आफ हो गया। मां ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार सुबह घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर सुरजा के बिटौड़े में एक जला हुआ शव देख पुलिस को सूचना दी गई।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बिटौड़े की राख हटाई तो उसमें से शव के कुछ अधजले अवशेष बरामद हुए। मां और बहनों ने धड़ के हिस्से पर शर्ट के टुकड़े के आधार पर कुलदीप की पहचान की।
एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने स्वजन से जानकारी ली। पुलिस ने अवशेषों को मर्चरी भिजवाया। मृतक चार बहनों का इकलौता भाई था। मां ने पुलिस को दी तहरीर में गांव के ही युवक पर उसे घर से बुलाने के आरोप लगाए हैं। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि गुलाब सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।