Jhansi News: पहले दूल्हे के साथ किया शादी का रस्म पूरा, फिर बीच मंडप से प्रेमी के साथ हो गई फरार
Jhansi News : घर में बहू लाने के अरमान एक परिवार के उस समय धरे के धरे रह गये, जब नव-विवाहिता शादी की पूरी रस्में करने के बाद चढ़ावे के चढ़ाये गये जेवर लेकर एक युवक के साथ बीच मण्डप से भाग गयी।
दुल्हन को मण्डप में न देख विवाह घर में अफरा-तफरी मच गयी। परिवार के लोगों ने दुल्हन को ढूंढ़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। वर पक्ष ने पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है।
ये है पूरा मामला - मामला बरुआसागर का है। यहां एक विवाह घर से सेन परिवार का वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। गुरसराय से लड़की पक्ष के लोग बरुआसागर आये थे। दिनभर विवाह की तैयारी चली और रात में बरात का स्वागत-सत्कार हुआ।
स्टेज कार्यक्रम के बाद आगे की भी पूरे रस्में पूरी हो गयीं, लेकिन शादी समारोह में उस समय ग्रहण लग गया, जब दुल्हन शादी के जोड़े में बीच मण्डप से मौका पाते ही दूसरे युवक के साथ पूरे गहने लेकर भाग गयी। काफी तलाशने के बाद भी जब दुल्हन का कहीं पता नहीं चला तो बरुआसागर निवासी मानवेन्द्र सेन ने पुलिस को प्रार्थना-पत्र दिया।
प्रेमी के साथ भागी दुल्हन - इसमें उसने बताया कि उसका रिश्ता गुरसराय निवासी एक व्यक्ति की बेटी के साथ तय हुआ था। 6 जून को लड़की वाले बरुआसागर आ गये। यहां एक विवाह घर में शादी-समारोह के पूरे इन्तजाम किये गये। विवाह घर में दिनभर शादी के कार्यक्रम होते रहे। रात में बरात के बाद जयमाला का कार्यक्रम हुआ।
इसके बाद आगे की रस्में भी पूरे हिन्दू-रीति रिवाज से सम्पन्न हुई। 7 जून की सुबह लगभग 4.30 बजे रस्में आदि पूरी होने के बाद उसकी दुल्हन मौका पाते ही मण्डप से ही पूरे जेवर समेटकर एक युवक के साथ भाग गयी।
जैसे ही दुल्हन के भाग जाने की खबर विवाह घर में अन्य लोगों को हुई तो उन्होंने नवविवाहिता को तलाशा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। बताया गया कि दुल्हन उक्त युवक के साथ टैक्सि में बैठकर भाग गयी है।