सिगरा पुलिस और एसओजी टीम ने अहमदाबाद के दो शातिर टप्पेबाजों को 17 लाख के सोने, नकदी और फर्जी आधार कार्ड के साथ किया गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।

वाराणसी टप्पेबाज गिरफ्तार होने का बड़ा मामला सामने आया है। सिगरा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुजरात के अहमदाबाद से आए टप्पेबाजों के गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी मंगलवार को लहरतारा-कैंट मार्ग स्थित रेलवे की वसुंधरा नगर कॉलोनी के पास की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन ने पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहमदाबाद जिले के बटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत जान्हवी पार्क, पार्वती नगर निवासी रमण जाधव और प्रेम विश्वनाथ जाधव के रूप में हुई है। दोनों झूलेलाल नई चाली क्षेत्र के रहने वाले हैं।

17 लाख का सोना और नकदी बरामद – वाराणसी टप्पेबाज गिरफ्तार मामले में पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1,62,000 नकद, करीब ₹17 लाख की 848 सोने की नाक की कील, 02 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह फर्जी आधार कार्ड के सहारे अलग-अलग जिलों और राज्यों में गेस्ट हाउस व धर्मशालाओं में रुकता था और फिर मौका पाकर टप्पेबाजी की वारदात को अंजाम देता था।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम – पीड़ित व्यवसायी ने सिगरा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 11 दिसंबर को वाराणसी से प्रयागराज सोने के गहनों की फेरी के लिए जा रहा था। रास्ते में महमूरगंज आकाशवाणी तिराहे के पास एक व्यक्ति ने कार से मोबिल गिरने की बात कही। जैसे ही सभी लोग नीचे उतरकर बोनट देखने लगे, उसी दौरान उचक्के कार में रखा सोने और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 232 पत्ता सोने की नाक की कील, गले के छोटे लॉकेट और नकदी मौजूद थी।

CCTV और सर्विलांस से गिरफ्तारी – घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को ट्रैक कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है। वाराणसी टप्पेबाज गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, एसआई मनोज चौहान, पंकज पाण्डेय, सुधीर कुमार अग्रहरी, अभय गुप्ता, गौरव सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *