वाराणसी: काशी में अपराधियों और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत थाना लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने रामजानकीपुरम लमही इलाके में हुई नकबजनी की घटना का मात्र कुछ ही दिनों में सफल अनावरण करते हुए 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वाराणसी पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार चोरी और लूट की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 8 जनवरी 2026 की रात करीब 11:20 बजे ऐढ़े परशुरामपुर चौराहे के पास से इन चारों अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान दीपक पटेल, अभिषेक राजभर, आयुष उर्फ लड्डू और मनोज पटेल के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे मिलकर शहर के बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और ताला तोड़कर चोरी करते थे। चोरी के बाद मिले गहनों को वे राहगीरों और भोली-भाली महिलाओं को अपनी “मजबूरी” बताकर सस्ते दामों पर बेच दिया करते थे। 31 दिसंबर 2025 की रात उन्होंने लमही के रामजानकीपुरम में एक बंद घर का ताला तोड़ा था, जहाँ से उन्हें भारी मात्रा में आभूषण और 12,000 रुपये नकद मिले थे। चोरी के पैसों को उन्होंने जुए और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया।
थाना लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस ने अभियुक्तों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:- पीली धातु (सोना): 04 कंगन, 02 झुमका, 01 लक्ष्मीनारायण व शेषनाग की मूर्ति। सफेद धातु (चांदी): 06 सिक्के, 01 मछली, 01 चम्मच, 05 जोड़ी पायल, 21 बिछियां। नकदी: 1870/- रुपये (चोरी के बचे हुए पैसे)। वाहन: घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल (UP 65 CC 9273)।
गिरफ्तार अभियुक्तों में से दीपक पटेल एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही कैण्ट और लालपुर पाण्डेयपुर थाने में 5 मुकदमे दर्ज हैं। अन्य तीन अभियुक्तों (अभिषेक, आयुष और मनोज) पर भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस सफल कार्यवाही का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने किया। टीम में उ.नि. प्रभाकर सिंह, उ.नि. महेश मिश्रा, उ.नि. अरुण कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।







