वाराणसी: धर्म की नगरी काशी में अपराध के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है। थाना चौक पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाते हुए महज 72 घंटों के भीतर 3 करोड़ रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से ताल्लुक रखते हैं।
थाना चौक पुलिस को मिली इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम के लिए 1 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के पास से कुल 2122 ग्राम (2 किलो से अधिक) सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। बरामदगी की लिस्ट : 20 हार (गले के छोटे-बड़े सोने के हार), 400 अंगूठियां (सोने की), 79 नथ के लर और 30 जोड़ी कनौती, 69 मंगलसूत्र लॉकेट और 34 जोड़ी गूटी झुमका, कुल वजन: 2122.00 ग्राम, अनुमानित कीमत: लगभग 3 करोड़ रुपये को बरामद किया गया है।
मामले की शुरुआत 6 जनवरी 2026 को हुई, जब एक फर्म के मालिक ने थाना चौक में लिखित सूचना दी कि उनके प्रतिष्ठान से करोड़ों रुपये के सोने के जेवर चोरी हो गए हैं। पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0-04/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। एसीपी दशाश्वमेध और प्रभारी निरीक्षक चौक दिलीप कुमार मिश्र के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, कमांड सेंटर की निगरानी और सर्विलांस सेल की मदद ली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बेनिया कूड़ाखाना और कैण्ट स्टेशन मालगोदाम के पास से घेराबंदी कर पांचों अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपेश चौहान (जौनपुर), विकास बेनवंशी (गाजीपुर), शुभम विश्वकर्मा (गाजीपुर), सैनुद्दीन अंसारी (गाजीपुर), तारक घोराई (पश्चिम बंगाल) शामिल है।
इस बड़े खुलासे में एसओजी प्रभारी गौरव सिंह, चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्र और उनकी पूरी टीम ने दिन-रात एक कर दिया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह ऑपरेशन कमिश्नरेट पुलिस की मुस्तैदी का प्रमाण है। बरामद माल इतना अधिक था कि उसे गिनने और मिलान करने में टीम को काफी समय लगा।







