वाराणसी: काशी की सड़कों और आसमान को सुरक्षित बनाने के लिए वाराणसी पुलिस इन दिनों बेहद सख्त नजर आ रही है। इसी क्रम में वाराणसी कमिश्नरेट थाना कैंट पुलिस नें 88 किलो मंझा के साथ 01 अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई शहर में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, थाना कैंट पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मंझा धड़ल्ले से बेचा जा रहा है, जो राहगीरों और पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। सटीक सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने पतंग की दुकान सरसौली बाजार कैंट के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के दुकान से लगभग 88 किलो चाइनीज मंझा व मशीन बरामद की गई है। गौरतलब है कि शासन द्वारा चाइनीज मंझे की बिक्री और उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है, क्योंकि इसके धागे में लोहे और कांच का मिश्रण होता है, जिससे गंभीर हादसे होते रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहाँ से सप्लाई की जा रही थी। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी कैंट कर रहे थे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी कैंट शिवाकांत मिश्र, चौकी प्रभारी अर्दली बाजार उमाशंकर, उप निरीक्षक बलवंत कुमार, कांस्टेबल आशीष मिश्रा और कांस्टेबल अतुल कुमार पाण्डेय शामिल रहे।
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मंझे का प्रयोग न करें और यदि कहीं इसकी बिक्री हो रही है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।




