वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशानुसार अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के क्रम में कैंट थाना पुलिस ने एक बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा किया है। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अपनाई गई “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में, वरुणा जोन के उच्चाधिकारियों के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कैण्ट शिवाकांत मिश्रा की टीम ने आटा मिल कंपनी से 03 करोड़ रुपये की जालसाजी और धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरविन्द कुमार केशरी (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से प्रयागराज का निवासी है, लेकिन गिरफ्तारी के समय वह बिहार के कैमूर जिले में छिपकर रह रहा था। नाम: अरविन्द कुमार केशरी पिता का नाम: केदारनाथ केशरी स्थायी पता: चक गरीबदास, थाना नैनी, जनपद प्रयागराज वर्तमान पता: थाना मोहनिया, जनपद भभुआ (कैमूर), बिहार
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि वादी नितिन मित्तल ने अपनी फर्म ‘फ्लोर मिल गनपत राय केवल राम एग्रोगेट एलएलपी’ की लहरतारा स्थित ब्रांच में काम करने वाले अरविन्द कुमार और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इन लोगों पर फर्जी बिल तैयार कर लगभग 03 करोड़ रुपये का गबन करने का आरोप है। अभियुक्त के खिलाफ थाना मण्डुआडीह में मु0अ0सं0-180/24 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 406, 408, 504, 506 और 120बी भादवि के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के आदेश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए गए अभियान में साइबर सेल और कैंट पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। दिनांक 15.01.2026 को दोपहर 16:20 बजे पुलिस टीम ने अभियुक्त को बिहार के भभुआ स्थित उसके किराए के मकान से दबोच लिया।
इस महत्वपूर्ण सफलता में निम्नलिखित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों शिवाकान्त मिश्र (प्रभारी निरीक्षक, थाना कैण्ट), रामकेवल यादव (व0उ0नि0), अभिषेक सिंह (उ0नि0), का0 राजू शाह, का0 बृजेश (सर्विलांस सेल) की अहम भूमिका रही। वाराणसी पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।




