वाराणसी पुलिस न्यूज़ (Varanasi Police Action): वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में ऑनलाइन जुआ (Online Gambling) खिलाने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। वाराणसी पुलिस ने ‘भाग्यलक्ष्मी’ वेबसाइट और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए जुआ खिलाने वाले 5 शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के अपराधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई है।

वाराणसी की चौक पुलिस को दिनांक 21 जनवरी 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कर्णघंटा मोड़ के पास एक गली में कुछ लोग मोबाइल के जरिए ऑनलाइन जुआ खेल रहे हैं। ये लोग ‘भाग्यलक्ष्मी’ वेबसाइट का उपयोग कर रहे थे और इन्होंने व्हाट्सएप पर एक ग्रुप बना रखा था। पूछताछ में अभियुक्तों ने कुबूल किया कि वे व्हाट्सएप ग्रुप में लोगों को जोड़ते थे। लोग मोबाइल से अपने नंबर बताते थे और ऑनलाइन लकी ड्रा (भाग्यलक्ष्मी) में वह नंबर निकलने पर जीत-हार का फैसला होता था।

मुखबिर की सटीक सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस ने देखा कि कुछ लोग मोबाइल फोन में हार-जीत की बाजी लगा रहे हैं। पुलिस ने एकबारगी दबिश देकर मौके से 5 लोगों को दबोच लिया। इनके पास से 9330 रुपये नकद और एक एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण: फैज सिद्दिकी (कोतवाली, वाराणसी), अतुल कुमार भारती (कोतवाली, वाराणसी), फैज अहमद (कर्णघंटा, चौक, वाराणसी), वैसियत अहमद (कोतवाली, वाराणसी), रहमान (कोतवाली, वाराणसी) पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ चौक थाने में मु0अ0सं0- 0019/2026 के तहत धारा- 13 जुआ अधिनियम (Gambling Act) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 प्रणव पाण्डेय, प्रशि0उ0नि0 भरत पाण्डेय, हे0कां0 अरविन्द कुमार यादव, दिलीप कुमार सिंह, और कांस्टेबल कुंवर बहादुर सिंह, मानवेन्द्र सिंह व भोलू खरवार शामिल रहे। वाराणसी पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह के ऑनलाइन अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *