वाराणसी: धर्मनगरी काशी में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। स्पा सेंटरों पर पुलिस की कड़ी निगरानी के बाद अब यह अवैध धंधा शहर के रिहायशी इलाकों और पॉश कॉलोनियों के फ्लैटों में शिफ्ट होने लगा है। ताजा मामला कैंट थाना क्षेत्र के कुंज विहार कॉलोनी का है, जहाँ पुलिस ने छापेमारी कर एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है।
यह पूरी कार्रवाई वाराणसी पुलिस कमिश्नर (CP) की संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में एसओजी-2 प्रभारी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कुंज विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी की। पुलिस की अचानक छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 01 महिला संचालक और 03 अन्य महिलाओं को हिरासत में लिया। मौके से 01 पुरुष ग्राहक को भी गिरफ्तार किया गया। फ्लैट से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस अब इस रैकेट के मुख्य संचालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है। साथ ही, लड़कियों को कहाँ से और किसके माध्यम से लाया जाता था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फ्लैट मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि क्या उसे इस अवैध धंधे की जानकारी थी।
चुनौती बना देह व्यापार का बदलता ठिकाना: गौरतलब है कि बीते दिनों खजुरी इलाके में भी पुलिस ने ऐसी ही कार्रवाई की थी। स्पा सेंटरों पर सख्ती होने के कारण अब अपराधियों ने होटलों और रिहायशी कॉलोनियों को अपना नया ठिकाना बना लिया है।
वाराणसी पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शहर की मर्यादा भंग करने वाले और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




