वाराणसी। नशे के खिलाफ वाराणसी पुलिस का अभियान लगातार रंग ला रहा है। इसी कड़ी में सिगरा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 30 किलो से अधिक अवैध गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करों के पास से एक टोयोटा इनोवा कार (WB 20 U 4903) भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल वे तस्करी के लिए कर रहे थे। ये शातिर तस्कर ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर चंदौली जा रहे थे।
ऐसे पकड़े गए तस्कर – सोमवार की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर एक वाहन में गांजे की भारी खेप लेकर कहीं निकलने वाले हैं। सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस टीम अलर्ट हो गई और फौरन घेराबंदी कर दी। पुलिस ने इनोवा कार में जा रहे दोनों संदिग्धों को रोका। शुरू में तो उन्होंने गाड़ी की ‘क्लच प्लेट खराब होने’ का बहाना बनाया, लेकिन पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो वे घबरा गए और अंततः गांजा ले जाने की बात कबूल कर ली।
कार में ऐसे छिपाया था गांजा – मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज की निगरानी में जब इनोवा कार की तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम भी हैरान रह गई। गाड़ी में दो सफेद बोरियों में कुल 31 पैकेट गांजा बरामद हुआ था। इन पैकेट्स को बड़ी चालाकी से कार की सीटों के नीचे, दरवाजों के अंदर और यहां तक कि डिग्गी में भी छिपाया गया था। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ सिगरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 0268/2025) दर्ज किया गया।
कौन हैं ये तस्कर? – गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राकेश महतो (निवासी हरनाथ कुंडी, मसाढ़, थाना उदवंतनगर, भोजपुर, बिहार) और मनोज पासवान (निवासी पटखौलिया बाजार, थाना जमानियां, जिला गाजीपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे ओडिशा के संबलपुर से यह गांजा लेकर चंदौली में बेचने जा रहे थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार इस तरह की तस्करी कर चुके हैं।
पुलिस का अगला कदम – एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि बरामद गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में लगभग 15 लाख रुपये है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ओडिशा पुलिस से संपर्क कर इन तस्करों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश में जुटी है।
इस पूरी कार्रवाई में सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रशांत शिवहरे, सत्यदेव, हेड कांस्टेबल ध्यानचंद्र, जितेंद्र सिंह, अनंत सिंह, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह और सर्विलांस सेल के अश्विनी सिंह की टीम शामिल रही। वाराणसी पुलिस की यह कार्रवाई निश्चित रूप से ड्रग्स के कारोबारियों के लिए एक बड़ा सबक है।





