वाराणसी के चितईपुर थाने की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 9 साल के मासूम बलवंत कुमार को मात्र 2 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। चितईपुर थाना पुलिस की इस मानवीय पहल और तेज कार्रवाई की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। पढ़ें पूरी खबर।
वाराणसी (BM Breaking News): उत्तर प्रदेश की वाराणसी पुलिस इन दिनों अपने मानवीय चेहरे और त्वरित कार्रवाई के लिए चर्चा में है। ताजा मामला चितईपुर थाने का है, जहां पुलिस ने एक लापता बच्चे को महज 2 घंटे के भीतर बरामद कर उसके परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस की इस फुर्ती को देखकर परिजनों ने भावुक होकर पुलिस प्रशासन का धन्यवाद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरिया की रहने वाली अनीता देवी पत्नी अजय गौड़ बुधवार (11 मार्च 2026) को वाराणसी आई थीं। वह चितईपुर थाने के अंतर्गत आने वाली मनोरथ पुरी कॉलोनी (लेन नंबर 22) में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रुकी हुई थीं। दोपहर करीब 12:00 बजे उनका 9 वर्षीय बेटा बलवंत कुमार खेलते-खेलते अचानक कहीं लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब बच्चा नहीं मिला तो मां अनीता देवी ने शाम करीब 7:00 बजे चितईपुर थाने पहुंचकर सूचना दी। एक मां का दर्द समझते हुए पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई।
सूचना मिलते ही चितईपुर चौकी प्रभारी ने बिना समय गंवाए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस की सक्रियता का नतीजा यह रहा कि लापता बलवंत कुमार को मात्र 2 घंटे के भीतर गौतम नगर मोड़ के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।
जैसे ही चितईपुर थाने की पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसकी मां अनीता देवी को सौंपा, उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। परिजनों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी उनका बच्चा मिल जाएगा। पूरे मनोरथ पुरी कॉलोनी और बच्चे के परिवार में खुशी की लहर है। परिजनों ने चितईपुर थाना पुलिस और चौकी प्रभारी की टीम को दिल से धन्यवाद दिया है।
वाराणसी पुलिस की इस पेशेवर और मानवीय कार्यशैली की इलाके में काफी सराहना हो रही है। चितईपुर थाने की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा मुस्तैद है।





