वाराणसी: बनारस की गंगा-जमुनी तहज़ीब की झलक एक बार फिर देखने को मिलेगी, जब शहर में पैगंबर हजरत मोहम्मद (सल्ललाहो अलयही वसल्लम) के जन्मदिन के मौके पर ‘जश्ने ईद मिलादुन्नबी’ पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसी सिलसिले में, मरकज़ी यौमुन्नबी कमेटी ने रविवार, 31 अगस्त को दालमंडी स्थित मुस्लिम मुसाफिरखाना में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया।

कमेटी के सदर (पूर्व चेयरमैन, अल्पसंख्यक आयोग, उत्तर प्रदेश सरकार) हाजी सैय्यद शकील अहमद और सेक्रेटरी हाजी महमूद खान ने पत्रकारों को आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी हर साल की तरह यह पाक जश्न दो दिन यानी 4 और 5 सितंबर को मनाया जाएगा।

भव्य जुलूस और नातिया मुकाबला – 4 सितंबर की शाम को, ‘जश्ने ईद मिलादुन्नबी’ का जुलूस बेनियाबाग के पूर्वी छोर, हड़हा मैदान से शुरू होगा। यह जुलूस सराय हड़हा, छत्तातले, नारियल बाजार, दालमंडी, नई सड़क और अन्य प्रमुख रास्तों से गुजरते हुए वापस नवाब युसूफ के कुएँ के पास (बेनियाबाग) स्थित मरकज़ के डायस पर आकर समाप्त होगा।

इसके बाद, सरपरस्ते आला अल्हाज हजरत मौलाना सूफी मोहम्मद जाकिउल्लाह असदुल कादरी साहब की शुरुआती तक़रीर होगी। इसके बाद एक शानदार नातिया मुकाबला होगा, जिसमें बनारस और अन्य शहरों की अंजुमनें हिस्सा लेंगी। कमेटी के अंतर्गत आने वाले 35 अलग-अलग डायसों पर भी अंजुमनें नातिया कलाम पेश करेंगी।

5 सितंबर को, मरकज़ी यौमुन्नबी कमेटी के पदाधिकारी दालमंडी स्थित नश्रगाह (ताज होटल) से अंजुमनों को इनाम वितरित कर उनका हौसला बढ़ाएंगे। इस मौके पर बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री जमा खान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

प्रशासन से की गई अपील – कमेटी के सदर ने बताया कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से इस कार्यक्रम से पहले क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत और बिजली की समस्याओं को दूर करने का आग्रह किया है। साथ ही, जुलूस के दिन यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष ध्यान देने की अपील की गई है। अधिकारियों ने भी सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।

कमेटी के सेक्रेटरी हाजी महमूद खान ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद (सल्ललाहो अलयही वसल्लम) पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए और मोहब्बत का पैगाम दिया। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों से इस जश्न में शामिल होकर बनारस की गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूत बनाने की अपील की है।

इस प्रेस वार्ता में मोहम्मद अबरार खान, मोहम्मद इमरान खान, शकील अहमद सिद्दीकी, राशिद सिद्दीकी, आगा कमाल, मुदस्सिर अहमद, रियाज अहमद नूर, दिलशाद अहमद, वारिस बब्लू, हाजी समर खान और अन्य कई गणमान्य सदस्य शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *