वाराणसी के बुलानाला स्थित काशी आर्य समाज मंदिर में अराजक तत्वों का जमावड़ा, लोहे की रॉड से हमले का सीसीटीवी फुटेज आया सामने, पुलिस से सुरक्षा की गुहार।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी के बुलानाला स्थित काशी आर्य समाज मंदिर में रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ अराजक तत्वों ने मंदिर का ताला तोड़कर वहां जबरन कब्जा करने और निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे काशी आर्य समाज मंदिर के कोषाध्यक्ष राहुल यादव (एडवोकेट) पर जानलेवा हमले की कोशिश की गई।

ताला तोड़कर जबरन काम कराने का आरोप – घटना के संबंध में कोषाध्यक्ष राहुल यादव ने थाना कोतवाली में लिखित प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, विपक्षी हितैसी अरोड़ा, गौतम चन्द्र अरोड़ा और उनके साथ आए 10-12 अज्ञात अराजक तत्वों ने काशी आर्य समाज मंदिर, बुलानाला के मुख्य द्वारों के ताले तोड़ दिए। आरोपी मंदिर के हॉल में रखा सामान बाहर निकाल रहे हैं और वहां जबरन काम करा रहे हैं।

कोषाध्यक्ष पर लोहे की रॉड से हमले का प्रयास – राहुल यादव (एडवोकेट) ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस अवैध गतिविधि को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उन पर लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की। इस पूरी घटना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग (CCTV Recording) उपलब्ध है, जिसे पुलिस को साक्ष्य के तौर पर दिखाया गया है।

मंदिर परिसर में अराजकता का माहौल प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपियों ने काशी आर्य समाज मंदिर में बाहरी लोगों का जमावड़ा कर रखा है, जिससे वहां का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। राहुल यादव ने बताया कि 8 फरवरी 2026, रविवार की सुबह करीब 10:22 बजे जब वे मंदिर पहुंचे, तब यह विवाद चरम पर था। विपक्षीगण द्वारा समाज की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और वहां अवैध तरीके से कब्जा करने की कोशिश जारी है।

पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की मांग एडवोकेट राहुल यादव ने थानाध्यक्ष से अनुरोध किया है कि काशी आर्य समाज मंदिर में चल रहे अवैध और जबरन कार्य को तत्काल रुकवाया जाए। विपक्षीगण के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। कोषाध्यक्ष के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, क्योंकि आरोपियों से उन्हें जान का खतरा है। वाराणसी पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *