6 साल के ज़ुहैब और 9 साल की हया की अकीदत देख हर कोई दंग

वाराणसी: रमज़ान-उल-मुबारक का मुकद्दस महीना अपनी तमाम बरकतों और रहमतों के साथ जारी है। इबादत के इस पाक महीने में जहाँ बड़े दिन-रात खुदा की बंदगी में मशगूल हैं, वहीं मासूम बच्चों में भी रूहानी जज्बा हिलोरे मार रहा है। नन्हे रोज़ेदारों का बुलंद हौसला तब देखने को मिला जब वाराणसी के वरिष्ठ पत्रकार तारिक आज़मी के घर खुशियों की दोहरी सौगात आई। 6 साल के नन्हे ज़ुहैब और 9 साल की हया की खुदा के प्रति अकीदत देखकर आज हर कोई दंग है। रविवार का दिन तारिक आज़मी के परिवार के लिए बेहद खास रहा। उनके 6 वर्षीय साहबजादे ज़ुहैब आज़मी और 9 वर्षीय साहबजादी हया आज़मी ने अपनी कम उम्र की परवाह न करते हुए अपना पहला रोज़ा मुकम्मल किया

अक्सर बच्चे खेल-कूद में व्यस्त रहते हैं, लेकिन इन मासूमों की ज़िद कुछ अलग थी। बताया जा रहा है कि सहरी के वक्त ही दोनों बच्चे रोज़ा रखने की ज़िद पर अड़ गए थे। बच्चों के भीतर दीन के प्रति इस अटूट जज्बे को देख वालिदैन (माता-पिता) ने भी उन्हें इजाजत दे दी। पूरे दिन कड़ी धूप और प्यास की शिद्दत के बावजूद, इन नन्हे रोज़ेदारों का बुलंद हौसला जरा भी कम नहीं हुआ और उन्होंने सब्र व शुक्र के साथ अपना रोज़ा पूरा किया।

अपने बच्चों के इस रूहानी सफर और पहले रोज़े पर वरिष्ठ पत्रकार तारिक आज़मी भावुक नज़र आए। उन्होंने गर्व के साथ अपनी खुशी साझा करते हुए कहा:

“सहरी के समय ही बच्चों के चेहरों पर रोज़ा रखने की जो चमक और खुशी थी, उसने मेरा दिल जीत लिया। बच्चों का दीन की राह पर चलना और इतनी कम उम्र में सब्र का इम्तिहान देना उनकी जिंदगी की बड़ी कामयाबी है। मैं अल्लाह से उनके नेक और बेहतर मुस्तकबिल के लिए दुआ करता हूँ।”

शाम को जैसे ही इफ्तार का वक्त करीब आया, घर का माहौल पूरी तरह नूरानी हो गया। नन्हे रोज़ेदारों का बुलंद हौसला बढ़ाने के लिए शहर की कई जानी-मानी हस्तियां और पत्रकार साथी जुटे। इफ्तार के मौके पर बच्चों की हौसला अफजाई करने वालों में प्रमुख रूप से फारूख हुसैन, शफी उस्मानी, मो. सलीम, तारिक खान, आदिल, उमेश, समाजसेवक शमशेर, मो0 हैदर गुड्डू, नीलोफर बानो और आफताब सभी ने ज़ुहैब और हया को खिराज-ए-तहसीन (बधाई) पेश की और उनके नेक भविष्य की कामना की। नन्हे बच्चों के चेहरों पर रोज़ा मुकम्मल करने के बाद की मुस्कान यह बता रही थी कि खुदा की राह में किया गया सब्र कितना सुकून देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *