वाराणसी: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस आयुक्त के विशेष अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत, सिगरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ के बाद एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से लूट का सामान, एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।

पकड़े गए आरोपी की पहचान रोनू (उम्र 23 वर्ष), पुत्र भोनू, निवासी खरबूजा शहीद, नदेसर, कैंट के रूप में हुई है। उसे लहरतारा रेलवे क्रॉसिंग के पास 23 अगस्त 2025 को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

यह मामला 19 अगस्त 2025 का है, जब एक महिला रोडवेज बस स्टैंड से ऑटो रिक्शा लेकर दुर्गाकुंड जा रही थी। तभी पिलर नंबर 54 के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से लॉकेट झपट लिया और भाग गया। इस घटना की शिकायत पर सिगरा थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की।

“ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत चेकिंग के दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 19 अगस्त की लूट में शामिल आरोपी लहरतारा रेलवे कॉलोनी की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी झाड़ियों की तरफ भागने लगा। जब पुलिस ने उसका पीछा किया, तो उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

हालांकि, पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस की चेतावनी के बाद भी जब बदमाश ने आत्मसमर्पण नहीं किया और दोबारा तमंचा लोड करने की कोशिश करने लगा, तो पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिससे बदमाश घायल हो गया।

पुलिस ने तत्काल घायल बदमाश को पकड़ा, जो पैर में गोली लगने से दर्द से कराह रहा था। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने ही 19 अगस्त को महिला से लॉकेट छीना था और पुलिस से बचने के लिए उसने फायर किया था। उसके पास से बरामद लॉकेट और अवैध हथियार इसी घटना से संबंधित हैं। सिगरा पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में संजय कुमार मिश्र प्रभारी निरीक्षक, उ०नि० पुष्कर दुबे चौकी प्रभारी, रोडवेज, उ०नि० प्रशांत कुमार बन्धु, का० जटाशंकर पाण्डेय, का० कर्मजीत यादव, हे०का० प्रेम द्विवेदी, हे०का० जितेन्द्र सिंह, का० वीरेंद्र यादव, का० नीरज मौर्या, का० मृत्युंजय सिंह, का० चिंताहरण तिवारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *