वाराणसी: वाराणसी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और अवैध स्टैंड संचालकों पर नकेल कसने के लिए पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर (9670705555) अब रंग लाने लगा है। आज दिनांक 19.01.2026 को इसी हेल्पलाइन पर प्राप्त एक शिकायत के बाद पुलिस ने बनारस स्टेशन के गेट के सामने चल रहे अवैध स्टैंड पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 9670705555 जारी किया है। आज इसी नंबर पर सूचना प्राप्त हुई कि बनारस स्टेशन के गेट के सामने सड़क पर अवैध रूप से वाहन स्टैंड का संचालन किया जा रहा है, जिससे आम जनता को आवागमन में भारी असुविधा हो रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशों पर प्रकरण का तत्काल संज्ञान लिया गया। एसीपी मुख्यालय/ट्रैफिक वाराणसी के नेतृत्व में एसओजी-02 टीम एवं भारी पुलिस बल ने मौके पर अचानक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क पर अवैध रूप से वाहन पार्क किए गए थे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो रहा था।

मौके पर की गई जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से पार्क कुल 04 चारपहिया वाहन पाए गए। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी की “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत इन सभी वाहनों को तत्काल सीज कर दिया गया। सीज किए गए वाहनों का विवरण : UP65CE1557, UP65ED7897, UP52BM3609, UP65AN1442

वाराणसी पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर की सड़कों पर अवैध कब्जा और यातायात में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में अवैध पार्किंग एवं टैक्सी स्टैंड संचालन के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न की गई, तो इससे भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वाराणसी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना सीधे हेल्पलाइन पर दें।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *