वाराणसी। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने एक सराहनीय और मानवीय पहल की है। थाना कैंट परिसर में तैनात सफाईकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने उनके बीच उच्च गुणवत्ता वाले कंबल और गर्म कपड़ों का वितरण किया। इस नेक कार्य की पूरे पुलिस महकमे और स्थानीय जनता में प्रशंसा हो रही है। थाना कैंट परिसर और पुलिस आवासों की व्यवस्था को दुरुस्त रखने वाले पुरुष व महिला सफाईकर्मियों ने अपनी समस्या साझा की थी। उन्होंने बताया था कि वर्तमान में उनके पास जो कंबल हैं, वे इस भीषण ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त नहीं हैं। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने सफाईकर्मियों की इस परेशानी को न केवल सुना, बल्कि उस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए बेहतर गुणवत्ता के कंबलों का इंतजाम कराया।
कंबल वितरण के दौरान प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि, “समाज और संस्थान को स्वच्छ रखने में सफाईकर्मियों का योगदान अतुलनीय है। कड़ाके की ठंड में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हर कर्मी की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है।” थाना कैंट परिसर में जब प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा द्वारा गर्म कपड़े और कंबल बांटे गए, तो सफाईकर्मियों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती थी। उन्होंने इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उन्हें कड़ाके की ठंड में काम करने में काफी राहत मिलेगी।
यह पहल दर्शाती है कि वर्दी के पीछे एक संवेदनशील दिल भी धड़कता है, जो अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की पीड़ा को समझता है।




