वाराणसी: यूपी की थाना कैंट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने मात्र 14 दिनों के भीतर घर से बिना बताए निकली एक बालिग और एक नाबालिग लड़की को गुजरात के वापी से सकुशल बरामद कर लिया है। थाना कैंट पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित वादी सुरेंद्र गौण (निवासी पिंडरा फूलपुर, वर्तमान पता भोजुबीर सरसौली) ने थाना कैंट पुलिस को तहरीर दी थी कि उनकी पुत्री सना (20 वर्ष) और उनके छोटे भाई की पुत्री आतिशी (14 वर्ष) [नाम काल्पनिक] बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। इस शिकायत के आधार पर थाना कैंट पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 712/2025 धारा 137[2] BNS के तहत पंजीकृत कर जांच शुरू की। केस दर्ज होते ही थाना कैंट पुलिस एक्टिव मोड में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस सेल की मदद ली गई। सर्विलांस के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई कि दोनों बच्चियों का लोकेशन गुजरात के वापी में है। इसके बाद थाना कैंट पुलिस की एक विशेष टीम गुजरात भेजी गई, जहाँ से दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर वाराणसी लाया गया।
बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी में थाना कैंट पुलिस के उपनिरीक्षक मुन्ना यादव एवं महिला उपनिरीक्षक आरती गौण की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम ने जिस प्रोफेशनल तरीके से इस केस को सुलझाया, उसकी हर तरफ प्रशंसा हो रही है। थाना कैंट पुलिस द्वारा अब इस मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।







