कागजों के व्यापार में भरोसे का कत्ल कर फरार हुई थी अभियुक्ता, वाराणसी की थाना चौक पुलिस ने सोनीपत के मॉल से किया गिरफ्तार।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश की वाराणसी पुलिस ने धोखाधड़ी और करोड़ों रुपये के गबन के मामले में फरार चल रही एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चौक पुलिस (Thana Chowk Police) की टीम ने सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर हरियाणा के सोनीपत से इस महिला को धर दबोचा। उक्त महिला पर अपने पति के साथ मिलकर वाराणसी के कई व्यापारियों के साथ करोड़ों की चपत लगाने का आरोप है।
पूरा मामला शर्थक वाणिज्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक प्रतिष्ठित फर्म के साथ हुई धोखाधड़ी से जुड़ा है। फर्म के अधिकृत प्रतिनिधि ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नीचीबाग (थाना चौक) क्षेत्र में कार्यालय संचालित करने वाली अभियुक्ता और उसके पति शरद भार्गव ने कागजों के थोक व्यापार के दौरान उनका विश्वास जीता। शुरुआत में सही लेनदेन करने के बाद, दंपत्ति ने विभिन्न फर्मों (धनलक्ष्मी ट्रेडर्स, ऋतु कंप्यूटर और दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी) के माध्यम से लगभग 34,99,696 रुपये (तकरीबन 35 लाख) का माल उधार लिया। जब फर्म ने बकाया राशि की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करने लगे और अचानक अपने घर व ऑफिस में ताला लगाकर शहर छोड़कर फरार हो गए।
वाराणसी के पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौक पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच में पता चला कि अभियुक्त शरद भार्गव को पहले ही लंका थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन उसकी पत्नी फरार चल रही थी। दिनांक 07 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि अभियुक्ता हरियाणा में छिपी है। चौक थाना पुलिस की टीम ने करीम रेस्टोरेंट, टीडीआई मॉल, थाना कुंडली (जनपद सोनीपत, हरियाणा) में छापेमारी कर 45 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़ी गई अभियुक्ता कोई साधारण अपराधी नहीं है; उसका और उसके पति का वाराणसी के विभिन्न थानों में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है: थाना चेतगंज: धोखाधड़ी और गबन के 3 बड़े मामले (2024 और 2025)। थाना चौक: गबन और अमानत में खयानत का मामला (2024)। थाना लंका: धोखाधड़ी का केस (2024)। वर्तमान मामला: थाना चौक में बीएनएस (BNS) की धारा 316(5), 318(4) और 61(2)ए के तहत मुकदमा दर्ज।
इस गिरफ्तारी में उ०नि० अभिषेक कुमार त्रिपाठी (प्रभारी ब्रहम्नाल), उ०नि० अली अतहर (चौकी प्रभारी तेलियाबाग), म०उ०नि० मानसी वर्मा, और सर्विलांस सेल से का० अश्वनी कुमार सिंह की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही कर रही है।







