वाराणसी: चितईपुर थाना क्षेत्र में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप-2 (SOG-2) की टीम ने स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई की है। यहां स्पा की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए 13 युवक-युवतियों और एक संचालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई तब संभव हो पाई जब टीम के दो सदस्य ग्राहक बनकर स्पा सेंटर में घुसे और पूरे रैकेट का पर्दाफाश हुआ।
गोपनीय तरीके से हुई छापेमारी – पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर गठित SOG-2 की टीम ने डीसीपी क्राइम सरवणन टी. के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। सोमवार को चितईपुर थाना क्षेत्र में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के दो अड्डों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह पूरी छापेमारी बेहद गोपनीय तरीके से की गई। SOG-2 के जवान पहले आम ग्राहक बनकर स्पा सेंटर के अंदर दाखिल हुए। उनके अंदर जाते ही, सादी वर्दी में तैनात 15 से 20 पुलिसकर्मियों की एक बड़ी टीम ने तुरंत दोनों स्पा सेंटरों को चारों ओर से घेर लिया और अंदर घुसकर दबिश दी।
आपत्तिजनक सामग्री बरामद, 13 गिरफ्तार – मौके से पुलिस ने आठ युवतियों और पांच पुरुष ग्राहकों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा, स्पा सेंटर का संचालन करने वाला एक व्यक्ति भी मौके से पकड़ा गया है। दोनों ही ठिकानों से पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पूरी कार्रवाई डीसीपी क्राइम की कड़ी निगरानी और SOG-2 की सक्रियता का नतीजा है, जिसने शहर में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने में एक बड़ी सफलता हासिल की है।





