BM Breaking News की अपील: वाराणसी पुलिस लगातार जनता से अपील कर रही है कि पतंगबाजी के लिए सूती धागे का ही प्रयोग करें। प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचना और इस्तेमाल करना कानूनन अपराध है। यदि आपके आस-पास कोई इसे बेच रहा है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।

वाराणसी (BM Breaking News): मकर संक्रांति के पर्व पर आसमान में उड़ती पतंगें खुशी का प्रतीक हैं, लेकिन इन पतंगों में इस्तेमाल होने वाला प्रतिबंधित चाइनीज मांझा राहगीरों और बेजुबान पक्षियों के लिए काल बन जाता है। इसी खतरे को भांपते हुए पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों और अवैध मांझा विक्रेताओं के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भेलूपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध नायलॉन मांझा बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस उपायुक्त जोन काशी और सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के कुशल निर्देशन में थाना प्रभारी भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि शिवरतनपुर की चूना वाली गली में एक व्यक्ति अपनी दुकान से गुपचुप तरीके से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से राज सरोज (उम्र 22 वर्ष) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से लगभग 10 किलोग्राम (30 अंटा) प्रतिबंधित अवैध चाइनीज/नायलॉन मांझा बरामद किया। यह मांझा न केवल इंसानों की गर्दन काटने में सक्षम है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बेहद घातक माना जाता है।

भेलूपुर पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अभियुक्त के खिलाफ मु०अ०सं०- 030/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 293, 125, 223 और 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस अब आगे की विधिक कार्यवाही में जुट गई है। इस सफल कार्रवाई में निम्नलिखित पुलिसकर्मियों की प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, उ०नि० पवन पाण्डेय, उ०नि० नितेश कुमार, उ०नि० प्रशान्त कुमार पाण्डेय, हे०का० संदीप कुमार, का० सुनील रजक की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *