वाराणसी में कोडीन कफ सिरप मामले के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल को भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू। दुबई भागने की आशंका, रेड कॉर्नर नोटिस जारी।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी वाराणसी में अवैध दवा कारोबार के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे कफ सिरप मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल भगोड़ा घोषित होने की कगार पर है। कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने पर रोहनिया थाने में शुभम के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है।

कोर्ट के आदेश की अवहेलना, अब होगा भगोड़ा घोषित – न्यायालय ने कफ सिरप मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया की दिशा में कड़ा रुख अपनाया है। शुभम को 31 मार्च 2026 तक कोर्ट में पेश होने का अंतिम अवसर दिया गया था। इसके लिए वाराणसी पुलिस ने उसके घर और विभिन्न संपत्तियों पर कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी शुभम के पेश न होने पर अब उसे आधिकारिक तौर पर भगोड़ा घोषित किया जा रहा है।

दुबई में लोकेशन, केंद्रीय एजेंसियां भी तलाश में – वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि कफ सिरप मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल भगोड़ा बनने के बाद संभवतः देश छोड़कर भाग गया है। पुलिस जांच में उसके दुबई में होने के पुख्ता संकेत मिले हैं। कमिश्नर के अनुसार शुभम की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। भारत सरकार और केंद्रीय जांच एजेंसियां भी उसकी तलाश में जुटी हैं। वाराणसी पुलिस की कई टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी से खुले कई राज – हाल ही में पुलिस ने शुभम के करीबी वैभव जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वैभव पर हवाला के जरिए पैसे को अवैध कारोबार में खपाने और विदेश भेजने का गंभीर आरोप है। वैभव के पास से पुलिस ने 22 लाख रुपये की हवाला करेंसी बरामद की है।

बड़ा खुलासा: पूछताछ में वैभव ने बताया कि कफ सिरप मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल ने अवैध कमाई को शराब के कारोबार में भी निवेश किया है। वाराणसी में करीब 6 शराब की दुकानें शुभम के करीबियों के नाम पर संचालित हो रही हैं।

पुलिस अब शुभम और वैभव के पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने में लगी है। शहर के जंगमबाड़ी इलाके में स्थित एक आलीशान होटल और अन्य बेनामी संपत्तियों की जांच की जा रही है। कफ सिरप मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल भगोड़ा घोषित होने के बाद उसकी सभी चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी तेज कर दी गई है। वाराणसी पुलिस का साफ संदेश है कि नशे के अवैध कारोबार से काली कमाई करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *