“वाराणसी के दालमंडी (चौक थाना) में व्हाट्सएप पर भड़काऊ पोस्ट के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास। आरोपी पिता-पुत्र फरार, क्या चौक पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई? पूरी पड़ताल बीएम ब्रेकिंग न्यूज पर।”

Report – Vinay Yadav

वाराणसी (BM Breaking News): धर्म और संस्कृति की नगरी काशी, जो अपनी ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ के लिए पूरी दुनिया में जानी जाती है, वहां एक बार फिर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का असफल प्रयास किया गया है। मामला चौक थाना क्षेत्र के दालमंडी इलाके का है, जहां एक युवक की ओछी हरकत ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के चाहमामा कुंआ स्थित ‘नादे अली मस्जिद’ की पिछली दीवार से सटे मकान में रहने वाले श्याम सुंदर (जो चाट की दुकान चलाते हैं) के पुत्र रीतेश ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर मुस्लिम समुदाय को लेकर एक अत्यंत भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट लगाई। जैसे ही इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट सार्वजनिक हुआ, क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय सूत्रों के माध्यम से बीएम ब्रेकिंग न्यूज को उक्त युवक की फोटो और विवादित पोस्ट का साक्ष्य प्राप्त हुआ है।

आज के दौर में कुछ लोग खुद को सनातनी और प्रभु श्री राम का परम भक्त होने का दावा करते हैं। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या सनातन धर्म की शिक्षा किसी दूसरे धर्म का अपमान करना सिखाती है? मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का नाम लेकर समाज में जहर घोलने वाले लोग न तो सच्चे सनातनी हो सकते हैं और न ही राम भक्त। यह केवल एक गिरी हुई मानसिकता का परिचायक है। कोई भी धर्म दूसरे के प्रति अनादर करना नहीं सिखाता। ऐसे लोग समाज के लिए किसी कलंक से कम नहीं हैं जो शांति के माहौल में नफरत का बीज बोने का काम कर रहे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जब माहौल गरमाया, तो जानकारी मिली है कि आरोपी युवक रीतेश और उसके पिता दोनों घर छोड़कर फरार हो गए हैं। दालमंडी जैसे संवेदनशील और व्यापारिक क्षेत्र में इस तरह की हरकत ने स्थानीय प्रशासन की सतर्कता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन से सवाल? अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वाराणसी पुलिस प्रशासन और चौक थाना पुलिस इस कुकृत्य पर क्या ठोस कार्रवाई करती है? क्या ऐसे नफरती तत्वों पर लगाम कसी जाएगी ताकि भविष्य में वाराणसी की शांति भंग करने की कोई हिम्मत न कर सके?

फिलहाल, बीएम ब्रेकिंग न्यूज इस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रहा है और प्रशासन की हर हलचल पर हमारी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *