वाराणसी में इण्डियन मेडिकल एसोसियेशन (IMA) बनारस शाखा का शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। डॉ अनुराग टंडन ने अध्यक्ष और डॉ अरुण कुमार त्रिपाठी ने सचिव पद की शपथ ली। जानें क्या है IMA का आगामी विजन।
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी वाराणसी में इण्डियन मेडिकल एसोसियेशन (IMA) बनारस शाखा का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। शाखा परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में चिकित्सा जगत की दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की और संगठन की मजबूती का संकल्प लिया। शपथ लेने के बाद वाराणसी IMA के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य संगठन को और अधिक समावेशी बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके कार्यकाल में शाखा के किसी भी सदस्य को किसी भी तरह की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा और वे सदस्यों के हितों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
शाखा के मानद सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने पिछले वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि साल भर स्पोर्ट्स, पिकनिक, सीएमई और सीपीआर वर्कशॉप जैसे सफल आयोजन किए गए। उन्होंने भविष्य की योजना साझा करते हुए कहा:
“सदस्यों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिसर में एक सात मंजिला इमारत प्रस्तावित है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। यह वाराणसी IMA के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।”
अध्यक्ष निर्वाचित प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उनका प्रयास एकेडमिक विंग को और अधिक सशक्त बनाना है। इसके तहत हर महीने परिसर में सीपीआर वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। वहीं, पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए बताया गया कि उनके नेतृत्व में ब्लड बैंक का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। आज यह पूर्वांचल का सबसे प्रमुख ब्लड बैंक बन चुका है, जहाँ जरूरतमंदों को ‘ल्यूकोडिपलेटेड ब्लड’ सुलभता से मिल रहा है।
मुख्य अतिथि, IMA के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वाराणसी शाखा उत्तर प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी और ऐतिहासिक शाखा है। यहाँ से प्रकाशित होने वाली पत्रिका ‘आपका स्वास्थ्य’ आम जनमानस के लिए अत्यंत उपयोगी है। विशिष्ट अतिथि डॉ. राजीव गोयल (अध्यक्ष, IMA यूपी) और डॉ. आनंद प्रकाश (संयुक्त सचिव, IMA हेडक्वार्टर) ने भी बनारस शाखा के सेवा कार्यों और ‘आओ गांव चलें’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों में इसकी सक्रिय भागीदारी की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए विभिन्न विशेषज्ञों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं: वित्त सचिव: डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह (फंड प्रबंधन का भरोसा दिया) वैज्ञानिक सचिव: डॉ. रितु गर्ग (हर महीने बड़े स्तर पर क्लीनिकल मीटिंग का लक्ष्य) सामाजिक सचिव: डॉ. विजय गुप्ता (धन्यवाद ज्ञापन) संचालन: कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी और डॉ. शालिनी टंडन ने किया। मास्टर ऑफ सेरेमनी की भूमिका डॉ. शालिनी टंडन ने बखूबी निभाई।
इस गरिमामयी अवसर पर चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल, पूर्व अध्यक्ष डॉ. पी.के. तिवारी, डॉ. भानु शंकर पाण्डेय, डॉ. आलोक भारद्वाज, डॉ. प्रभाकर शुक्ला, डॉ. पी.एस. पाण्डेय, उपाध्यक्ष डॉ. संजय गर्ग, डॉ. शालिनी टंडन, संयुक्त सचिव डॉ. संजय पटेल, डॉ. हेमंत सिंह, पीआरओ डॉ. प्रीति गुप्ता, लाइब्रेरी सचिव डॉ. सी.पी. सिंह सहित डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह, डॉ. सुधीर सिंह और सैकड़ों की संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।







