वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी जीएसटी इनवाइस के जरिए नशे के लिए की जा रही थी करोड़ों की तस्करी, एसआईटी (SIT) ने घेराबंदी कर दबोचा।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाराणसी पुलिस की एसआईटी टीम ने प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपी 25-25 हजार रुपये के ईनामिया अपराधी हैं।
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराधों की रोकथाम और जहरीली दवाओं के अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस और एसआईटी को यह कामयाबी मिली है। पुलिस ने भोरसर लिंक रोड, मिर्जापुर बाईपास से इन वांछित अपराधियों को उस समय धर दबोचा जब वे भागने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरोह के सदस्यों ने बताया कि वे फर्जी और कूटरचित जीएसटी इनवाइस (GST Invoice) और ई-वे बिल का सहारा लेकर रांची, झारखण्ड की ‘शैली ट्रेडर्स’ के माध्यम से कोडीन युक्त न्यू फेंसाडिल कफ सिरप की भारी खेप मंगाते थे। तस्करी का पैमाना: अब तक करीब 25 लाख बोतलों की तस्करी की जा चुकी है। अवैध कमाई: हवाला के जरिए लगभग 40 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया। मुनाफा: इस अवैध धंधे से अभियुक्तों ने सीधे तौर पर 8 करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ कमाया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य केंद्र वाराणसी का ‘केबीएन प्लाजा’ था, जहां शुभम जायसवाल नामक व्यक्ति मीटिंग आयोजित करता था। यहीं पर तय होता था कि किस फर्म के नाम पर माल मंगाना है और बैंक में पैसा कैसे जमा करना है। गिरोह के लोग आम लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी फर्में खोलते थे और उन्हें थोड़े बहुत पैसे देकर चुप करा देते थे। इस माल की तस्करी मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल, बिहार और त्रिपुरा जैसे राज्यों में की जाती थी।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 46 अदद विदेशी मुद्रा और एक आईफोन बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में अमित जायसवाल: निवासी सोनिया रोड, सिगरा (25 हजार का ईनामिया), दिवेश जायसवाल: निवासी खोजवा बाजार, भेलूपुर (25 हजार का ईनामिया), अंकुश सिंह: निवासी भेलूपुर/रामपुर (25 हजार का ईनामिया), अभिनव कुमार यादव: निवासी नवाबगंज, भेलूपुर, घनश्याम मौर्या: निवासी खोजवा बाजार, भेलूपुर शामिल हैं।
इन सभी के खिलाफ थाना कोतवाली में मु0अ0सं0- 235/2025 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और 8/21/29/26डी एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज है। इस बड़ी सफलता में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह, उ0नि0 विकास पाण्डेय, अंकित सिंह, मनीष सिंह, धीरज सिंह और एसआईटी टीम की मुख्य भूमिका रही। वाराणसी पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है।



