वाराणसी: पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अर्दली बाजार स्थित ‘सुविधा साड़ी’ शोरूम से ₹70 लाख के गबन के मामले में 5 साल से फरार चल रहे ₹25,000 के इनामी अभियुक्त सौरभ गुप्ता को पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त द्वारा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के क्रम में, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन और सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैंट के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है। इसी कड़ी में प्रभारी निरीक्षक कैंट शिवाकांत मिश्रा की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को धर दबोचा।

घटना के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, अर्दली बाजार स्थित सुविधा साड़ीज के मालिक देवानंद सेवारमानी ने 8 सितंबर 2021 को थाना कैंट में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके शोरूम में नियुक्त मैनेजर/अकाउंटेंट सौरभ गुप्ता ने अन्य दो लोगों के साथ मिलकर फर्जी फर्म बनाई और माल के भुगतान के नाम पर लगभग ₹70 लाख का गबन कर लिया। इस मामले में मु0अ0सं0 0479/21 धारा 420/409 भादवि के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। अभियुक्त सौरभ गुप्ता पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।

अभियुक्त की तलाश में जुटी थाना कैंट पुलिस और साइबर सेल की टीम को 18 जनवरी 2026 को बड़ी सफलता मिली। सटीक सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने अभियुक्त सौरभ गुप्ता को पटेल नगर, थाना सिविल लाइन, जनपद गुरुग्राम (हरियाणा) से शाम 6:00 बजे गिरफ्तार कर लिया।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में निम्नलिखित अधिकारी व कर्मचारी शिवाकान्त मिश्र (प्रभारी निरीक्षक, थाना कैंट), उ0नि0 आशुतोष त्रिपाठी (विवेचक), उ0नि0 बलवन्त कुमार, हे0का0 ज्ञानेन्द्र कुमार (सर्विलांस सेल), का0 प्रेम पंकज (सर्विलांस सेल), का0 नागेन्द्र कुमार शामिल रहे। वाराणसी पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस गिरफ्तारी से शहर के व्यापारियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हुआ है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *