वाराणसी चेतगंज पुलिस (Varanasi Police Action): वाराणसी के प्रतिष्ठित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में एडमिशन दिलाने के नाम पर छात्रों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को चेतगंज पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। वाराणसी पुलिस की इस कार्रवाई से फर्जीवाड़ा करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।
वाराणसी के चेतगंज थाने में दर्ज मु.अ.सं.-112/2025 के अनुसार, अभियुक्त देवेश मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी के भांजे और उनके दो दोस्तों को BHU में एडमिशन दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छात्रों को विश्वास में लेने के लिए BHU से संबंधित कूटरचित (Fake) रसीदें और दस्तावेज भी दिखाए। जब छात्रों को यकीन हो गया, तो आरोपियों ने धोखे से अलग-अलग किस्तों में उनके खातों से कुल 1,70,228 रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब एडमिशन नहीं हुआ और पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो अभियुक्तों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश के क्रम में, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। दिनांक 22/01/2026 को मुखबिर की सूचना पर चेतगंज पुलिस ने अभियुक्त देवेश मिश्रा को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय की बाउंड्री वॉल के पास से धर दबोचा।
अभियुक्त के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं (316(2), 318(4), 338, 336(3), 352, 351(2)) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस सफल गिरफ्तारी में चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी नाटी इमली संदीप कुमार सिंह, आरक्षी पुनीत कुमार और अश्वनी सिंह की अहम भूमिका रही। वाराणसी पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है ताकि इस पूरे नेक्सस का पर्दाफाश किया जा सके।




