वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पतंगबाजी के सीजन से पहले अवैध चाइनीज मांझा बेचने वालों पर कसा शिकंजा।
वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कंपनी गार्डन (हरिश्चंद्र पार्क) के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 जनवरी 2026 को कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए गुप्त सूचना मिली कि कंपनी गार्डन में एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक के बोरे में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा लेकर उसे बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा और जब उसके पास मौजूद बोरे की तलाशी ली गई, तो उसमें से 25 किलो 200 ग्राम अवैध चाइनीज मांझा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरसे आजम (उम्र 26 वर्ष), पुत्र रहमत अली, निवासी सीके 43/98 छत्तातले, थाना चौक, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार किया है।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0- 03/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 223, 293 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 05 व 15 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। यह सफलता पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) के पर्यवेक्षण और एसीपी कोतवाली के नेतृत्व में हासिल हुई। गिरफ्तार करने वाली मुख्य टीम में उ०नि० प्रिन्स तिवारी (चौकी प्रभारी अम्बियामंडी, थाना कोतवाली), का० प्रवीण सिंह (थाना कोतवाली) शामिल रहे।
चेतावनी: वाराणसी पुलिस ने जनता से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न बेचें और न ही इसका उपयोग करें। यह न केवल पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि पक्षियों और राहगीरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है।







