वाराणसी: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट डालने का एक मामला सामने आया है। राष्ट्रवादी हिन्दू शक्ति वाहिनी ने वाराणसी पुलिस, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और न्यायालयों पर अभद्र टिप्पणी करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है।

शिकायतकर्ता, राष्ट्रवादी हिन्दू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, ने कैंट थाने सहित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि सुनील जायसवाल नामक व्यक्ति, जो खुद को पत्रकार बताता है, अपनी फेसबुक आईडी से लगातार ऐसी पोस्ट डाल रहा है, जिनमें वाराणसी पुलिस कमिश्नर समेत अन्य पुलिस अधिकारियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने, अपराधियों को बचाने और पैसे लेकर झूठे केस लिखने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि सुनील जायसवाल मुख्यमंत्री और न्यायालयों जैसी संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ भी भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। आरोप है कि वह आम जनता में पुलिस प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति अविश्वास और भ्रम फैला रहा है। यह कृत्य सीधे-सीधे कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास है।

प्रदीप कुमार गुप्ता ने अपनी शिकायत में सुनील जायसवाल पर आपराधिक साजिश रचने और लोक शांति भंग करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि सुनील जायसवाल पर पहले से ही अपराधियों को संरक्षण देने और कई अन्य अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।

राष्ट्रवादी हिन्दू शक्ति वाहिनी ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर सुनील जायसवाल के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे पूरी शक्ति के साथ इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे। उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। अब यह देखना होगा कि इस शिकायत पर पुलिस क्या कदम उठाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *