वाराणसी: अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए वाराणसी पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत जैतपुरा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और लड़की को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला? – यह मामला 7 अप्रैल 2025 का है, जब जैतपुरा थाने में एक शख्स ने अपनी नाबालिग बेटी के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित पिता ने बताया था कि 27 मार्च 2025 को सुधीर उपाध्याय नाम का एक युवक उनकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया है। इस शिकायत के आधार पर, जैतपुरा पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने बिछाया जाल – पुलिस आयुक्त वाराणसी के आदेश पर, गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, जैतपुरा पुलिस टीम ने इस मामले को गंभीरता से लिया। काशी जोन के पुलिस उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में, टीम ने आरोपी सुधीर उपाध्याय का पता लगाना शुरू किया।
आखिरकार, पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी जलालीपुरा में निर्माणाधीन अंडरपास के पास है। 3 सितंबर 2025 को, पुलिस टीम ने बिना देर किए वहां घेराबंदी की और आरोपी सुधीर उपाध्याय (19) को धर दबोचा। पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी आरोपी के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आरोपी सुधीर उपाध्याय बलिया जिले के भीखा छपरा का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम – इस सफल ऑपरेशन में जैतपुरा थाने की टीम की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही। इस टीम में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा के साथ उपनिरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक रागिनी शर्मा और कांस्टेबल अनीश जायसवाल शामिल थे। पुलिस के इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की लोग सराहना कर रहे हैं।




