वाराणसी (BM Breaking News): धर्मनगरी काशी में सुरक्षित पतंगबाजी और आम जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट इन दिनों बेहद सख्त नजर आ रही है। पुलिस आयुक्त द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चौक पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित और जानलेवा अवैध चाइनीज माँझा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त (दशाश्वमेध) व प्रभारी निरीक्षक थाना चौक के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर दिनांक 25.12.2025 को सीताराम मन्दिर के पास ब्रह्मनाल स्थित एक दुकान पर छापेमारी की गई। यहाँ से पुलिस ने 14.200 किलोग्राम अवैध चाइनीज माँझा बरामद किया, जो लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता था।
थाना चौक पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जिनके नाम इस प्रकार हैं : सचिन सहगल उर्फ रिंकू (उम्र 42 वर्ष), निवासी: ककरमत्ता, थाना भेलूपुर। उमेश कुमार गुप्ता उर्फ गुड्डू (उम्र 54 वर्ष), निवासी: ब्रह्मनाल, थाना चौक। शिव कुमार सिंह (उम्र 52 वर्ष), निवासी: गंगोत्री विहार कालोनी, थाना लंका। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना चौक कमिश्नरेट वाराणसी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 293, 125, 223 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5/15 के तहत मु०अ०सं० 158/2025 पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब इन अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर रही है।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली थाना चौक पुलिस टीम में निम्नलिखित अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे : दिलीप कुमार मिश्र (प्रभारी निरीक्षक, थाना चौक), उ0नि0 अभिषेक कुमार त्रिपाठी (चौकी प्रभारी ब्रह्मनाल), उ0नि0 भरत उपाध्याय, म0उ0नि0 मानसी वर्मा व म0उ0नि0 मुन्नी कुमारी, मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार सिंह, आरक्षी चन्दन पाण्डेय, भोलू खरवार और भानू प्रताप।
वाराणसी पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अवैध चाइनीज माँझा न केवल पक्षियों बल्कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी जानलेवा साबित होता रहा है। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।







