वाराणसी स्वर्णकार व्यापार मंडल के भविष्य की रूपरेखा तय करने हेतु आज एक ऐतिहासिक बैठक संपन्न हुई। 8 जनवरी 2026 को वाराणसी के चांदमारी रिंग रोड स्थित ‘द काशा मैरिज लॉन’ में आयोजित इस सभा में संगठन के विस्तार और नई ऊर्जा के संचार हेतु महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत सायं 5:00 बजे हुई, जिसमें वाराणसी स्वर्णकार व्यापार मंडल के कार्यकाल के पूर्ण होने पर चर्चा की गई। संगठन के संरक्षक रामनगिना सेठ के दिशा-निर्देशानुसार, वर्तमान कार्यकारिणी को विधिवत रूप से भंग करने की घोषणा की गई। इस निर्णय का उद्देश्य संगठन में नए चेहरों को अवसर देना और व्यापारिक हितों को अधिक मजबूती से उठाना है।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु नए नेतृत्व का चयन रहा। संरक्षक राम नगीना सेठ के अनुमोदन पर, वाराणसी के प्रतिष्ठित समाजसेवी और ‘शान-ए-काशी’ पुरस्कार से सम्मानित सुरेंद्र कुमार सेठ (वरिष्ठ अधिवक्ता फौजदारी) को वाराणसी स्वर्णकार व्यापार मंडल का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
उनकी नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके विधिक अनुभव और सामाजिक साख से संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा।
नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष का संदेश: “संगठन के समस्त सदस्यों का हार्दिक धन्यवाद और अभिनंदन। आपने मुझ पर जो विश्वास दिखाया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। मेरी प्राथमिकता होगी कि संगठन का नाम उसके कार्यों द्वारा इतिहास के सुनहरे अक्षरों में लिखा जाए।”
वाराणसी स्वर्णकार व्यापार मंडल की इस गरिमामयी बैठक में क्षेत्रीय स्वर्णकार समाज के दिग्गज नेता और व्यापारी शामिल हुए, जिनमें मुख्य रूप से जितेंद्र सेठ, मनोज कुमार सेठ, संतोष कुमार सेठ, राजन सेठ, बृजेश सेठ, राजेश सेठ, राजेश सेठ, अजीत सोनी, राम नगीना सेठ, जयप्रकाश सेठ, धर्मेंद्र सेठ, पंकज सेठ, ध्रुव सेठ शामिल रहे। इस बैठक के माध्यम से वाराणसी स्वर्णकार व्यापार मंडल ने एकता का संदेश दिया है और भविष्य की रणनीतियों पर मुहर लगाई है।







