गुरुग्राम: मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव के घर पर रविवार की सुबह हड़कंप मच गया। सुबह करीब 5:30 बजे, गुरुग्राम के गांव वजीराबाद में उनके घर पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ 24 राउंड फायरिंग की। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है।
जिस समय यह हमला हुआ, एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनकी माँ सुषमा यादव और घर का केयरटेकर वहीं थे। अचानक गोलियों की आवाज़ सुनकर केयरटेकर घबराकर अंदर भागा और उसने तुरंत एल्विश के पिता मास्टर राम अवतार को घटना की जानकारी दी।
एल्विश के पिता मास्टर राम अवतार ने बताया कि तीन हमलावर एक बाइक पर आए थे। बाइक से थोड़ी दूर पहले एक हमलावर उतर गया, जबकि बाकी दो ने घर पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और फिर फरार हो गए। हमलावरों की यह करतूत घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी डीवीआर पुलिस ने अपने कब्ज़े में ले ली है।
पुलिस जांच और सुरक्षा व्यवस्था – घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 56 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर की दीवार पर गोलियों के निशानों की जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस ने फिलहाल एल्विश यादव के घर पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया है।
पुलिस इस मामले में किसी गैंग के शामिल होने की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। उनका कहना है कि यह हमला क्यों किया गया, इसकी असली वजह जांच के बाद ही पता चल पाएगी। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
विवादों से पुराना नाता – एल्विश यादव की बिग बॉस ओटीटी 2 में जीत के बाद उनकी लोकप्रियता में काफी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन उनका विवादों से भी पुराना नाता रहा है। हाल ही में उन्हें सांप के ज़हर से जुड़े एक मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा था। हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ दायर चार्जशीट और समन को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया था। अब उन्हें नोएडा में दर्ज इस मामले का सामना करना होगा, जिसमें उन पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत रेव पार्टियों में सांपों के ज़हर और ड्रग्स का इस्तेमाल करने का आरोप है।
इस घटना ने एक बार फिर एल्विश यादव को सुर्खियों में ला दिया है। पुलिस की जांच जारी है और देखना होगा कि इस हमले के पीछे क्या कारण सामने आता है।




