up news: सीतापुर: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम ख़ान मंगलवार को सीतापुर जेल से रिहा होने जा रहे हैं। करीब 1 साल, 11 महीने और 4 दिन जेल में बिताने के बाद, उनकी रिहाई की खबर से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बता दें कि उनकी रिहाई के परवाने सीतापुर जेल पहुँच चुके हैं। परवानों के सत्यापन के बाद, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे उनकी रिहाई तय मानी जा रही है।

अटकलों के बाद आखिरकार रिहाई – आजम ख़ान की रिहाई को लेकर पहले भी कई बार अटकलें लगाई जा चुकी हैं। हाल ही में, इलाहाबाद उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बावजूद कुछ कानूनी अड़चनों के कारण उनकी रिहाई टल गई थी। बताया गया था कि रामपुर के एक मामले में, शत्रु संपत्ति की विवेचना के दौरान कुछ नई धाराएं जोड़ दी गई थीं, जिसके चलते उन्हें फिर से जमानत करानी पड़ी। इस वजह से शुक्रवार को उनकी रिहाई होते-होते रह गई थी।
हालांकि, अब सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद, उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो चुका है। जेल अधीक्षक एस.के. सिंह ने भी इस बात की पुष्टि की है कि रिहाई से जुड़े सभी कागजात मिल चुके हैं और मंगलवार को उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।
आजम ख़ान की रिहाई, उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया मोड़ ला सकती है, खासकर समाजवादी पार्टी के लिए। उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता बेसब्री से उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं।




