हौसला बुलंद बदमाशों ने अधिवक्ता को दी जान से मारने की धमकी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश की वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस भले ही कानून व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती हो, लेकिन धरातल पर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला लालपुर पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों के मन से पुलिस का खौफ जैसे पूरी तरह खत्म हो चुका है। क्षेत्र में लगातार हो रही मारपीट, गाली-गलौज और संगीन वारदातों ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद थाना लालपुर पाण्डेयपुर की पुलिस द्वारा अपराधियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे उनका मनोबल सातवें आसमान पर है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या किसी बड़ी अनहोनी के होने का इंतजार कर रही है थाना लालपुर पाण्डेयपुर की पुलिस?
अधिवक्ता को असलहे के बल पर धमका रहे बदमाश = पूरा मामला हुकुलगंज क्षेत्र का है, जहाँ के निवासी धीरज सोनकर पेशे से अधिवक्ता हैं। पीड़ित अधिवक्ता ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर थाना लालपुर पाण्डेयपुर की पुलिस को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है।
दिए गए शिकायती पत्र में अधिवक्ता धीरज सोनकर ने आरोप लगाया है कि पिछले चार दिनों से लगातार कुछ नामजद और अज्ञात बदमाश उन्हें जान से मारने की नीयत से उनके घर के रास्ते में घात लगाकर बैठ रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, हुकुलगंज ताड़ीखाना मस्जिद के सामने स्थित एक पान की दुकान पर विपक्षीगण : बन्टी पण्डित, नीरज श्रीवास्तव, विकास दुबे, जैन मौर्या और उनके साथ ३-४ अज्ञात लोग ये सभी लोग अवैध असलहे और धारदार हथियारों से लैस होकर रोज़ आते हैं और प्रार्थी के घर जाने वाले रास्ते पर उसका इंतजार करते हैं। इतना ही नहीं, विपक्षी विकास दुबे और नीरज श्रीवास्तव लगातार फोन पर भद्दी-भद्दी गालियाँ दे रहे हैं और जान से मारने के लिए ललकार रहे हैं।
पुरानी रंजिश और सुलह का दबाव, आरोपी हैं हिस्ट्रीशीटर = पीड़ित अधिवक्ता ने बताया कि आरोपी नीरज श्रीवास्तव और बन्टी मिश्रा उर्फ पण्डित से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। इस मामले में पीड़ित की तरफ से इन लोगों पर पहले भी मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। इसी मुकदमे में विगत कई वर्षों से विपक्षियों द्वारा सुलह-समझौता करने का लगातार नाजायज दबाव बनाया जा रहा है।
हैरान करने वाली बात यह है कि इन सभी आरोपियों का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास है। ये कई गंभीर मामलों में वांछित होने के साथ-साथ इलाके के हिस्ट्रीशीटर भी रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि मुख्य आरोपी नीरज श्रीवास्तव का एक बड़ा आपराधिक नेटवर्क है और उसने जनपद के विभिन्न थानों के अंतर्गत कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।
कमिश्नर हत्याकांड में वांछित अपराधी भी शामिल! = प्रार्थना पत्र में एक और बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया गया है। शिकायत के मुताबिक, इन बदमाशों के सिंडिकेट में खजुरी निवासी पिण्टू पिस्टल नाम का अपराधी भी शामिल है, जो किसी हाई-प्रोफाइल कमिश्नर हत्याकांड में वांछित बताया जा रहा है। ये सभी आरोपी नीरज श्रीवास्तव की बुलेट मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों से आकर अधिवक्ता के घर के आसपास रेकी कर रहे हैं।
पीड़ित की गुहार: पीड़ित अधिवक्ता ने पुलिस कमिश्नर और थाना लालपुर पाण्डेयपुर की पुलिस से गुहार लगाई है कि इन शातिर अपराधियों के खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई की जाए और उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। यदि समय रहते पुलिस ने कदम नहीं उठाया, तो उनके साथ कोई भी अनहोनी घट सकती है।
अब देखना यह होगा कि इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर थाना लालपुर पाण्डेयपुर की पुलिस इन बेखौफ घूम रहे अपराधियों पर कब तक शिकंजा कसती है या फिर हमेशा की तरह किसी बड़ी वारदात के घटने का इंतजार करती रहती है।




