वाराणसी: पुलिस की तत्परता और सतर्कता से एक बार फिर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। देर रात वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लल्लापुरा चौकी से एक राहत भरी खबर सामने आई है। यहाँ गुमशुदा हुए 12 वर्षीय मासूम अंश सिंह को लल्लापुरा चौकी प्रभारी प्रीति कुमारी गुप्ता की टीम ने सकुशल बरामद कर उनके रोते-बिलखते परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।

देर रात मिली थी बालक के गायब होने की सूचना = मामला वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र का है। रात्रि करीब 02:00 बजे पुलिस को यह दुखद सूचना प्राप्त हुई कि शची सिंह (पत्नी राकेश सिंह), निवासी हुकुलगंज पांडेयपुर का 12 वर्षीय पुत्र अंश सिंह पितृकुंडा, लल्लापुरा (सिगरा) से संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं गुम हो गया है। इतनी रात में मासूम के अचानक लापता हो जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और वे काफी घबराए हुए थे।

एक्शन मोड में आई पुलिस, खंगाले गए CCTV फुटेज = सूचना मिलते ही लल्लापुरा चौकी पुलिस बिना किसी देरी के तुरंत एक्शन मोड में आ गई। रात ही चौकी प्रभारी लल्लापुरा प्रीति कुमारी गुप्ता तुरंत अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुँचीं। मामला छोटे बच्चे की सुरक्षा से जुड़ा था, इसलिए पुलिस टीम ने आसपास के पूरे इलाके में नाकेबंदी की और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगालना शुरू किया गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस को बच्चे की लोकेशन का सुराग मिला, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अंश सिंह को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया।

परिजनों ने जताया वाराणसी पुलिस का आभार = बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस टीम ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए अंश सिंह को उनकी माँ शची सिंह और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने मासूम बच्चे को बिल्कुल सही-सलामत पाकर परिजनों की आँखों में खुशी के आँसू आ गए। उन्होंने लल्लापुरा चौकी प्रभारी प्रीति कुमारी गुप्ता और उनकी पूरी पुलिस टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि देर रात सूचना मिलने के बावजूद जिस मुस्तैदी के साथ पुलिस ने काम किया, वह काबले-तारीफ है। इस सफल पुलिस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वाराणसी पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *