मध्य प्रदेश के बालाघाट में खेली जा रही 19 वर्षीय बालक नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप ‘बीसी राय ट्रॉफी 2025’ में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मैच जीत लिया है। एक रोमांचक मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने असम को 3-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।

यूपी बना बीसी राय ट्रॉफी का चैंपियन – आज का फाइनल मैच उत्तर प्रदेश और असम के बीच खेला गया। शुरुआत से ही उत्तर प्रदेश की टीम अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करती दिखी। छोटे-छोटे पास से लगातार असम की टीम पर दबाव बनाया जा रहा था। खेल के 14वें मिनट में टीम के शानदार स्ट्राइकर भाविन जोशी ने गोल कर यूपी को 1-0 की बढ़त दिलाई।

पहले हाफ में बढ़त मिलने के बाद उत्तर प्रदेश की टीम लगातार गोल करने की कोशिश करती रही, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका। पहले हाफ के अंत तक स्कोर 1-0 ही रहा।

दूसरे हाफ की शुरुआत में उत्तर प्रदेश की टीम ने अपनी रणनीति बदली और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। इसका फायदा टीम को 83वें मिनट में मिला, जब एक बार फिर भाविन जोशी ने अपना दूसरा गोल दागकर यूपी की बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद, खेल के 95वें मिनट में कार्तिक कनवार ने एक और गोल कर उत्तर प्रदेश की जीत को 3-0 से सुनिश्चित कर दिया। फाइनल मैच की अंतिम सीटी बजने तक स्कोर 3-0 था और उत्तर प्रदेश विजेता बन चुका था।

यूपी फुटबॉल संघ ने दी बधाई – उत्तर प्रदेश की इस शानदार जीत पर उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अरविंद मेनन ने विजेता टीम को फोन पर बधाई दी। महासचिव मोहम्मद शाहिद ने भी पूरी टीम, कोच और मैनेजर को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इरफान जमा खान (बी लाइसेंस) के मार्गदर्शन में टीम ने तीसरी बार यह ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, कोच और टीम मैनेजर को हार्दिक बधाई और धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *