दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी बेटी की अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने दिनदहाड़े अपने दामाद को गोली मार दी। गोली लगने के बाद युवक ने अपनी पत्नी की गोद में दम तोड़ दिया। यह घटना दरभंगा मेडिकल कॉलेज परिसर (DMCH) के हॉस्टल में मंगलवार दोपहर को हुई।
मृतक की पहचान सुपौल जिले के रहने वाले राहुल कुमार के तौर पर हुई है, जो कि बी.एस.सी. नर्सिंग का छात्र था। घटना के समय वह अपनी पत्नी तनु प्रिया के साथ मौजूद था।
मृतक की पत्नी तनु प्रिया ने बताया कि वह और उनके पति राहुल बाइक के पास खड़े थे। तभी उनके पिता प्रेम शंकर झा काले मास्क में आए और उनके पति पर गोली चला दी। गोली लगते ही राहुल उनकी तरफ दौड़े और उनकी गोद में गिर गए, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। तनु प्रिया और राहुल ने अप्रैल 2025 में ही लव मैरिज की थी, जिससे उनके पिता नाराज थे।
गोली चलने की घटना के बाद डीएमसीएच परिसर में हड़कंप मच गया। आरोपी प्रेम शंकर झा भागने लगा, लेकिन हॉस्टल के छात्रों और अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। छात्रों ने आरोपी से कट्टा छीनकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बेंता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहुल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। गंभीर रूप से घायल आरोपी को तुरंत पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया। पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग आरोपी को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं।





