वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का कैंट पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अर्दली बाजार स्थित प्रीतम कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में चल रहे एक हाईटेक स्पा सेंटर पर शुक्रवार शाम पुलिस ने छापा मारा, जहां से तीन युवतियों और स्पा सेंटर के मालिक समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
सोशल मीडिया से बुलाते थे ग्राहक – पुलिस के अनुसार, यह स्पा सेंटर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए ग्राहकों को आकर्षित करता था। इच्छुक ग्राहकों को एक खास आईडी दी जाती थी, जिसे लॉग इन करने के बाद ही उन्हें स्पा सेंटर में एंट्री मिलती थी। यह तरीका दर्शाता है कि कैसे आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई – एडीसीपी वरुणा जोन नीतू के नेतृत्व में कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा की टीम ने सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की। छापे के दौरान स्पा सेंटर के अंदर बने अलग-अलग केबिन से तीन युवतियों, ग्राहक के रूप में आए गौरा कला के आजाद और स्पा संचालक लंका निवासी पंकज चौबे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को मौके से कई आपत्तिजनक सामग्रियां भी मिली हैं, जो देह व्यापार की पुष्टि करती हैं।
संचालक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड – कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार स्पा संचालक पंकज चौबे का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसे 2023 में भी लंका थाना क्षेत्र से स्पा संचालन के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। पंकज चौबे के व्हाट्सएप से कई अन्य लोगों के नंबर भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
गिरफ्तार युवतियों ने पूछताछ में बताया कि वे वरुणा जोन की रहने वाली हैं। इस स्पा सेंटर के दो पार्टनर बताए जा रहे हैं, जिनमें से मनीष दीक्षित फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस इस पूरे रैकेट की गहराई से जांच कर रही है ताकि ऐसे अवैध धंधों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।





