वाराणसी पुलिस ने कफ सिरप तस्करी से जुड़ी अवैध कमाई को शराब की दुकानों के जरिए वैध (Money Laundering) करने वाली 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। माफिया शुभम जायसवाल को आर्थिक मदद पहुंचाने का भी आरोप।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश की वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली पुलिस ने कफ सिरप तस्करी से अर्जित अवैध धन को वैध करने और फरार चल रहे माफिया को शरण व आर्थिक सहायता देने के आरोप में 5 महिला अनुज्ञापियों (Licence Holders) को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला? – वाराणसी पुलिस आयुक्त के निर्देशन में काशी जोन के पुलिस अधिकारियों ने थाना कोतवाली पुलिस द्वारा न्यू फेसेंडिल कफ सीरप की तस्करी से की गयी अवैध कमायी को अभियुक्त भोला प्रसाद जायसवाल द्वारा लाटरी सिस्टम के माध्यम से प्राप्त अनुज्ञापियों को आवंटित अंग्रेजी शराब की दुकान के माध्यम से वैध करने के खेल का पर्दाफाश किया है।
जांच में यह सामने आया कि फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त शुभम जायसवाल और उसके पिता भोला प्रसाद जायसवाल ने तस्करी के जरिए जो काली कमाई की थी, उसे इन महिलाओं के नाम आवंटित शराब की दुकानों में निवेश किया गया। इन दुकानों का पूरा खर्च तस्करी के पैसे से वहन किया जा रहा था ताकि अवैध धन को ‘व्हाइट मनी’ (वैध आय) दिखाया जा सके।
बैंक स्टेटमेंट और हवाला कनेक्शन ने खोले राज – विवेचना के दौरान पुलिस ने जब बैंक स्टेटमेंट और दस्तावेजों की जांच की, तो पता चला कि इन महिलाओं और फरार माफिया शुभम जायसवाल के बीच भारी धन का लेनदेन हुआ है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि फरार अभियुक्त शुभम जायसवाल को फरारी के दौरान आर्थिक मदद और हवाला के जरिए पैसे पहुंचाए जा रहे थे, जिससे वह पुलिस की पकड़ से बचने में सफल हो रहा था।
पुलिस के अनुसार, इन अनुज्ञापियों (लाइसेंस धारकों) ने स्वीकार किया कि तस्करी के मुनाफे से आवंटित शराब दुकानों का खर्च चलाया जा रहा था और शुभम जायसवाल इन दुकानों से होने वाले लाभ में अपना हिस्सा लेता था।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर धारा 29/27(ए) NDPS एक्ट के तहत निम्नलिखित महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिसमे राधिका जायसवाल (62 वर्ष) – दारानगर, कोतवाली। शिवांगी जायसवाल (28 वर्ष) – नयापुरा, कोतवाली। उषा देवी (52 वर्ष) – राजघाट, आदमपुर। रेखा देवी (55 वर्ष) – कायस्थ टोला, आदमपुर। बबिता सिंह (50 वर्ष) – कायस्थ टोला, आदमपुर शामिल है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह, महिला उप-निरीक्षक रोशनी नरवरिया और महिला आरक्षी प्रतिमा पासवान, ज्योति व कोमल सिंह शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। वाराणसी पुलिस की इस कार्रवाई से ड्रग माफियाओं और अवैध धन को वैध बनाने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मचा हुआ है।





