Varanasi News: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चौक पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार और सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने नारियल बाजार की गली से ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 08 मार्च 2026 को थाना चौक पुलिस को मुखबिर से खास सूचना मिली कि नारियल बाजार के पास एक व्यक्ति ऑनलाइन UP 65 एप के जरिए लोगों से पैसे लगवाकर सट्टा/जुआ खिलवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने अपना मोबाइल छुपाने और भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विवेक कुमार सिंह (उम्र 39 वर्ष) निवासी नारियल बाजार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह UP 65 एप पर आईडी बनाकर ग्राहकों का पैसा लगवाता था। उसने बताया कि वह ग्राहकों से जितना अधिक पैसा लगवाता, उसे उस पर 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। इसी मुनाफे के चक्कर में वह अवैध ऑनलाइन जुए का नेटवर्क चला रहा था।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है: नकद राशि: 1250/- रुपये (जुआ का माल)। मोबाइल: 02 एंड्रायड फोन (01 सैमसंग गैलेक्सी M32 और 01 ओप्पो A38)। पुलिस के अनुसार, इन मोबाइल फोनों का इस्तेमाल सट्टेबाजी की आईडी चलाने और ग्राहकों से संपर्क करने के लिए किया जा रहा था।
पकड़े गए अभियुक्त विवेक कुमार सिंह के खिलाफ थाना चौक में मु0अ0सं0-50/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उ0नि0 प्रणव पाण्डेय, म0उ0नि0 मुन्नी कुमारी, कॉन्स्टेबल कुँवर बहादुर सिंह, चंदन पाण्डेय और प्रवीन कुमार शामिल रहे।





