वाराणसी: गोवर्धन धाम, नमो घाट स्थित गोवर्धनधारी मंदिर में बीते शुक्रवार को षष्ठी महा-महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समिति के अध्यक्ष विनोद यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कृष्ण भक्त शामिल हुए।
दिन की शुरुआत सुबह की आरती से हुई, जिसके बाद भगवान को पंच भोग अर्पित किए गए। शाम 7 बजे के बाद मंदिर का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया। इस दौरान सैकड़ों कृष्ण भक्तों की मौजूदगी में शाम की आरती, छप्पन भोग और दुग्धाभिषेक का आयोजन किया गया।
इस मौके पर श्री कृष्ण के जीवन पर आधारित भजनों की मधुर धुनें गूंज उठीं, जिसने महिलाओं और बच्चों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद इस्कॉन भजन मंडली ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से पूरे वातावरण को कृष्णमय कर दिया। एक ओर जहां भक्ति का माहौल था, वहीं दूसरी ओर विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
गोवर्धन पूजा समिति की नई कार्यकारिणी की घोषणा – इस पावन अवसर पर, समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ने साल 2025-26 के लिए अपनी नई कमेटी की घोषणा की। इस घोषणा को ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष गोपाल जी यादव ने किया।
नई कमेटी में जय प्रकाश यादव को महामंत्री का पदभार सौंपा गया है। इसके अलावा, पारस यादव, अभय स्वाभिमानी, अशोक यादव, मनोज यादव, रामनरेश यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सुजीत यादव मंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे, जिनमें पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा, विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. शिवनाथ यादव, एडवोकेट अनुज यादव, सुजीत यादव, ज्ञानेंद्र यादव, डॉ. उमाकांत यादव, नंदलाल यादव, पूर्व अध्यक्ष कैलाश यादव, विनोद यादव, सीताराम यादव, श्याम बाबू यादव, अजय यादव, भारत भूषण यादव, डॉ. संध्या यादव, पुतुल यादव, प्रियांशु यादव और सुभाष यादव प्रमुख रूप से शामिल थे।




