थाना कैंट पुलिस ड्रोन सर्वे के जरिए मकर संक्रांति पर चाइनीज मंझे से पतंग उड़ाने वालों की निगरानी की गई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर कैंट पुलिस ने ड्रोन से सर्वे कर आमजन को चेतावनी दी।

वाराणसी। थाना कैंट पुलिस ड्रोन सर्वे के तहत चाइनीज मंझे के खिलाफ बड़ी पहल की गई है। पुलिस आयुक्त के आदेश के क्रम में थाना कैंट पुलिस द्वारा मकर संक्रांति त्योहार के दौरान बड़े पैमाने पर होने वाली पतंगबाजी पर विशेष नजर रखी गई।

मकर संक्रांति के दौरान पतंग उड़ाने का उत्साह चरम पर रहता है, लेकिन पतंग में प्रयोग होने वाला चाइनीज मंझा अब लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। बीते समय में चाइनीज मंझे से गला कटने, हाथ व शरीर के अन्य अंगों के गंभीर रूप से घायल होने और मौत जैसी कई दुखद घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए थाना कैंट पुलिस ड्रोन सर्वे रविवार की शाम किया गया। कैंट पुलिस टीम ने नदेसर क्षेत्र स्थित नगर निगम कार्यालय की छत से ड्रोन के माध्यम से पूरे इलाके का सर्वे किया और चाइनीज मंझे से पतंग उड़ाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी।

ड्रोन सर्वे के दौरान थाना कैंट पुलिस ने आमजन को जागरूक करते हुए अपील की कि पतंग उड़ाने में चाइनीज मंझे का प्रयोग न करें, क्योंकि यह अत्यंत खतरनाक और जानलेवा है। पुलिस द्वारा एलाउंस के माध्यम से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि कोई भी व्यक्ति चाइनीज मंझे का उपयोग करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

थाना कैंट पुलिस ड्रोन सर्वे का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी चाइनीज मंझा बेचा जा रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत मोबाइल नंबर 9454404379 पर दें।

थाना कैंट पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। कैंट पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही चाइनीज मंझे जैसी घातक चीजों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है और मकर संक्रांति का त्योहार सुरक्षित रूप से मनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *