थाने पर फरियाद लेकर पहुंचने वाले हर शिकायतकर्ता को ‘शिकायत पर्ची’ देने के साथ ही लक्सा थाने का आधिकारिक सीयूजी (CUG) नंबर 9454404389 तथा महिला हेल्प डेस्क (मिशन शक्ति) का सम्पर्क नम्बर 7839853208 को किया सार्वजनिक

वाराणसी (BM Breaking News): आम जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा और मजबूत करने के लिए वाराणसी के लक्सा थाने के नवागत थानाध्यक्ष शिवम मिश्रा ने एक बेहद सराहनीय कदम उठाया है। लक्सा थानाध्यक्ष की पहल के तहत अब थाने या क्षेत्र की किसी भी पुलिस चौकी पर अपनी फरियाद लेकर पहुंचने वाले हर शिकायतकर्ता को बाकायदा एक आधिकारिक ‘शिकायत पर्ची’ दी जाएगी। इस नई व्यवस्था से पीड़ितों को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए न तो इधर-उधर भटकना पड़ेगा और न ही बार-बार उच्चाधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत होगी।

फिर लौटी ‘पीली पर्ची’ वाली पारदर्शी व्यवस्था = वाराणसी में जब एसएसपी (SSP) व्यवस्था लागू थी, तब थानों से लेकर पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों तक शिकायत देने पर फरियादियों को एक पावती रसीद दी जाती थी। पीले रंग की होने के कारण आम बोलचाल में इसे ‘पीली पर्ची’ कहा जाता था, जो इस बात का सबूत होती थी कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। हालांकि, शहर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से यह व्यवस्था लगभग बंद सी हो गई थी, जिससे कई बार फरियादियों को अपनी शिकायत की स्थिति जानने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

सभी चौकी प्रभारियों को दिए गए सख्त निर्देश = जनता की इसी समस्या को समझते हुए लक्सा थानाध्यक्ष की पहल ने पुरानी पारदर्शी व्यवस्था को फिर से जीवित कर दिया है। थाना प्रभारी शिवम मिश्रा ने अपने थाने के मुंशी से लेकर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी पीड़ित से प्रार्थना पत्र लेने के तुरंत बाद उसे शिकायत पर्ची अनिवार्य रूप से दी जाए।

इस व्यवस्था के लागू होने से दो बड़े फायदे होंगे = जवाबदेही तय होगी: पर्ची मिलने के बाद संबंधित पुलिसकर्मी के लिए शिकायत पर कार्रवाई करना अनिवार्य होगा। त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण: पीड़ितों की समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर ही जल्द से जल्द हो सकेगा, जिससे उन्हें अनावश्यक मानसिक और आर्थिक परेशानी से राहत मिलेगी।

पीड़ितों के लिए 24 घंटे खुले हैं कार्यालय के दरवाजे = अपनी इस जनहितैषी कार्यशैली को आगे बढ़ाते हुए थानाध्यक्ष शिवम मिश्रा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी पीड़ित या जरूरतमंद व्यक्ति के लिए उनके कार्यालय के दरवाजे 24 घंटे खुले हैं। कोई भी व्यक्ति बिना किसी झिझक के अपनी समस्या लेकर सीधे उनसे मिल सकता है। इसके साथ ही, आम जनता की तत्काल सहायता और सीधा संवाद स्थापित करने के लिए उन्होंने लक्सा थाने का आधिकारिक सीयूजी (CUG) नंबर 9454404389 तथा महिला हेल्प डेस्क (मिशन शक्ति) का सम्पर्क नम्बर 7839853208 भी सार्वजनिक किया है, ताकि आपात स्थिति में लोग सीधे पुलिस से संपर्क साध सकें।

काशी की जनता और स्थानीय लोगों के बीच लक्सा थानाध्यक्ष की पहल की जमकर सराहना हो रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस कदम से पुलिस और पब्लिक के बीच संवाद और विश्वास का रिश्ता पहले से कहीं अधिक प्रगाढ़ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *