वाराणसी जनपद के थाना चेतगंज इलाके में लहुराबीर चौराहे के समीप दिनदहाड़े एक चोरी का मामला प्रकाश में आया है। अमानते होजरी से 10,000 के सामान की चोरी में भाजपा नेत्री का नाम उछला। पढ़ें पूरी खबर।

वाराणसी न्यूज़: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। वाराणसी जनपद के थाना चेतगंज इलाके में लहुराबीर चौराहे के समीप दिनदहाड़े एक चोरी का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना ने न केवल पुलिसिया इकबाल पर सवाल उठाए हैं, बल्कि समाज के गिरते स्तर को भी उजागर कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, लहुराबीर स्थित इंडियन बैंक के नीचे गोरस बिल्डिंग में अमानते होजरी नामक एक प्रतिष्ठित दुकान है। यहाँ तीन महिलाएं ग्राहक बनकर आईं और दुकानदार की नजरें बचाकर करीब 10,000 रुपये मूल्य के अंडर गारमेंट्स चोरी कर रफूचक्कर हो गईं।

दुकान संचालक सुदीप सिंह ने बताया कि महिलाएं बहुत ही शातिर तरीके से आई थीं। जब तक उन्हें कुछ आभास होता, तब तक महिलाएं सामान लेकर फरार हो चुकी थीं। हालांकि, यह पूरी घटना सीसीटीवी (CCTV) में कैद हो चुकी है, जो अब जांच का मुख्य आधार बनी है।

स्थानीय लोगों और सूत्रों की मानें तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक महिला की पहचान चौंकाने वाली रही। बताया जा रहा है कि वह महिला खुद को वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष बताने के साथ-साथ भाजपा नेत्री और कई अन्य संस्थाओं से जुड़ी हुई है। जैसे ही यह खबर फैली, व्यापारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित दुकानदार ने चेतगंज थाने में मुकदमा संख्या: 40/26, धारा: 305 (A) दर्ज कराई है। जिसमे पुलिस के द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

सोशल मीडिया पर नाम उछलने के बाद संबंधित महिला पदाधिकारी ने भी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि वह निर्दोष हैं और प्रशासन का पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर, पीड़ित दुकानदार सुदीप सिंह अब मीडियाकर्मियों से बचते नजर आ रहे हैं और कैमरे पर कुछ भी बोलने से गुरेज कर रहे हैं, जिससे मामला और भी पेचीदा होता दिख रहा है।

विश्वस्त सूत्रों का दावा है कि उक्त महिला और उसके पति पर वाराणसी जनपद के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे पहले से दर्ज हैं। ऐसे में आम जनता के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि इतने मुकदमों के बावजूद पुलिस प्रशासन ऐसे रसूखदार लोगों पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? आखिर इन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है?

समाज की विडंबना: यह सोचने वाली बात है कि समाज का स्तर कितना गिर चुका है कि अब दुकानों से अंडर गारमेंट्स जैसी चीजें भी चोरी होने लगी हैं, और इसमें बड़े पदों पर बैठे लोगों के नाम सामने आ रहे हैं।

फिलहाल, थाना प्रभारी चेतगंज के अनुसार मामले की गहराई से जांच की जा रही है, और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही गई है। सीसीटीवी फुटेज के मिलान और गवाहों के बयान के बाद ही “दूध का दूध और पानी का पानी” हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *