लखनऊ / वाराणसी: स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस महकमे के लिए यह दिन बेहद खास रहा, जहाँ एक ओर प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदक बाँटे गए, वहीं दूसरी ओर जिला स्तर पर बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले जांबाज पुलिस अधिकारियों की सराहना की गई।

रमेश यादव को मिला ‘पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह (रजत)’ = उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार निवारण संगठन (Anti-Corruption Organization) लखनऊ में तैनात पुलिस उपाधीक्षक (DSP) रमेश यादव को उनकी निष्ठा, ईमानदारी और पुलिस सेवा में दिए गए सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा ने रमेश यादव को ‘पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह (रजत)’ (DGP Commendation Disc – Silver) प्रदान कर उनकी कार्यशैली की सराहना की। भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने और विभाग में पारदर्शिता बनाए रखने में डीएसपी रमेश यादव की भूमिका की हर तरफ तारीफ हो रही है।

सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को मिला प्रशस्ति पत्र = इसी क्रम में, वाराणसी जनपद से भी पुलिस सेवा में शानदार काम करने की खबर सामने आई है। वाराणसी कमिश्नरेट के सिगरा थाना प्रभारी (SO) शिवाकांत मिश्रा को उनके पदीय दायित्वों के कुशलतापूर्वक निर्वहन और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए सम्मानित किया गया।

वाराणसी के पुलिस आयुक्त (CP) मोहित अग्रवाल ने शिवाकांत मिश्रा के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र (Appreciation Letter) सौंपा। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने सिगरा क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वाराणसी कमिश्नरेट के कई अन्य पुलिस कर्मी भी हुए सम्मानित = सिगरा थाना प्रभारी के अलावा वाराणसी में तैनात कई अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सभी कर्मियों को बधाई दी और कहा कि :

“पुलिस बल की पहली प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और न्याय दिलाना है। जो अधिकारी और कर्मी दिन-रात मेहनत करके अपने कर्तव्यों को निभाते हैं, उनका सम्मान पूरे विभाग का सम्मान है।”

स्वतंत्रता दिवस पर डीएसपी रमेश यादव को डीजीपी राजीव कृष्णा द्वारा रजत प्रशंसा चिन्ह मिलने और थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को सीपी मोहित अग्रवाल द्वारा सम्मानित किए जाने से पूरे पुलिस महकमे में हर्ष का माहौल है। ऐसे सम्मान न केवल अधिकारियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि अन्य पुलिस कर्मियों को भी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *