वाराणसी (BM Breaking News Desk): धर्म और आस्था की नगरी वाराणसी में दुर्गा पूजा के अवसर पर शहर के अलग-अलग इलाकों में भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी गहमागहमी के बीच थाना चेतगंज अंतर्गत बेनिया-सनातन धर्म क्षेत्र में एक मां की ममता उस वक्त कांप उठी, जब उसका 7 साल का मासूम बेटा भीड़ में कहीं ओझल हो गया। हालांकि, पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। चौकी प्रभारी पानदरीबा ने आधे घण्टे में गुम हुये बालक को मिलाया उसकी मां से, जिससे परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
भीड़ में बिछड़ गया था 7 साल का मासूम आर्यन = मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी के थाना सिगरा क्षेत्र स्थित सोनिया (पानी टंकी के पास) के रहने वाले अखिलेश गुप्ता की पत्नी मीरा देवी अपने 7 वर्षीय बेटे आर्यन को दुर्गा पूजा का पंडाल घुमाने बेनियाबाग इलाके में लाई थीं। बेनिया तिराहे से सनातन धर्म इंटर कॉलेज के बीच अचानक भारी भीड़ के कारण आर्यन अपनी मां का हाथ छूट जाने से बिछड़ गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कहीं पता नहीं चला, तो मां मीरा देवी रोती-बिलखती और बदहवास हालत में नजदीकी पुलिस चौकी पानदरीबा पहुंचीं।

तत्काल एक्शन में आई पानदरीबा पुलिस, सीसीटीवी से मिला सुराग = चौकी पर तैनात महिला उपनिरीक्षक (SI) प्रिती ओझा ने महिला की आपबीती सुनी और बिना एक पल गंवाए घटना की जानकारी चौकी प्रभारी पानदरीबा शिप्रा सिंह को दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी प्रभारी ने तुरंत अपनी टीम को अलर्ट किया और इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की पड़ताल शुरू करा दी। सीसीटीवी फुटेज और पुलिस टीम की तत्परता के बल पर महज 30 मिनट के भीतर पुलिस टीम ने भटक रहे मासूम आर्यन को सकुशल ढूंढ निकाला और सुरक्षापूर्वक पानदरीबा पुलिस चौकी लेकर आई।
“जब एक मां अपने बिछड़े बच्चे को दोबारा सीने से लगाती है, तो पुलिस सेवा का असली मर्म समझ आता है।”
पुलिस चौकी में अपने जिगर के टुकड़े को सही-सलामत देखकर मां मीरा देवी की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। इस त्वरित कार्रवाई के लिए मीरा देवी ने चौकी प्रभारी शिप्रा सिंह, महिला उपनिरीक्षक प्रिती ओझा, आरक्षी अमरजीत पासवान, सुजीत गौड़ और संजय प्रताप सहित पूरी वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट का दिल से आभार व्यक्त किया। पूजा पंडाल के पास मौजूद स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी पानदरीबा पुलिस की इस त्वरित व संवेदनशील कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा की और पुलिसकर्मियों का अभिवादन किया।



