वाराणसी के खजूरी स्थित एम्बिशन हॉस्पिटल में इलाज में लापरवाही और शव बंधक बनाने के आरोपों पर सीएमओ ने मेडिकल बोर्ड गठित कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

वाराणसी के मकबूल आलम रोड स्थित खजूरी में डॉ. राशिद परवेज़ द्वारा संचालित एम्बिशन हॉस्पिटल में रामनगर निवासिनी बानो बेगम की मौत का मामला अब और अधिक तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों द्वारा इलाज में गंभीर लापरवाही और शव को घंटों बंधक बनाने के आरोपों के बाद अब पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है।

सीएमओ दफ्तर पहुंचे पत्रकार, सौंपा प्रार्थना पत्र = मृतका की बेटी महविश कुरैशी के साथ शहर के अन्य पत्रकारों ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पहुंचकर सीएमओ डॉ. एन.के. सिंह को लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा। पत्रकारों ने पूरे मामले की बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी। मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में नियमानुसार मेडिकल बोर्ड का गठन कर निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और यदि अस्पताल या चिकित्सक दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

55 हजार रुपये के लिए शव को 6 घंटे बंधक बनाने का आरोप = उल्लेखनीय है कि शनिवार को एम्बिशन अस्पताल में इलाज के दौरान बानो बेगम का देहांत हो गया था। परिजनों का सीधा आरोप है कि डॉ. राशिद परवेज़ और उनके अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण मरीज की जान गई। इसके अलावा, अस्पताल प्रबंधन पर यह भी गंभीर आरोप लगा है कि 55 हजार रुपये के बकाया बिल के भुगतान के लिए मृतका के शव को लगभग 6 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। परिजनों के अनुसार, बिना कोई आधिकारिक रसीद दिए पैसे जमा कराने के बाद ही शव सुपुर्द किया गया।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल, कैंट थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन = घटना की सूचना मिलने पर जब अन्य पत्रकार मौके पर पहुंचे, तो आरोप है कि डॉ. राशिद परवेज़ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान अर्दली बाजार चौकी इंचार्ज की भूमिका पर भी पत्रकारों ने सवाल उठाए और उन पर लीपापोती करने का आरोप लगाया। मामले में पहले ही चौकी इंचार्ज को लिखित शिकायत दी जा चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर पत्रकारों ने कैंट थाना प्रभारी से फोन पर बात की। कैंट थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही जांच पूरी कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ ने कहा- हर पहलू की होगी गहन जांच = सीएमओ डॉ. एन.के. सिंह ने कहा कि इलाज में लापरवाही के आरोपों के साथ-साथ शव को बंधक बनाए जाने के आरोपों की भी गहनता से जांच की जाएगी। आरोपों की सत्यता के आधार पर एम्बिशन हॉस्पिटल और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *